T20 World Cup 2026: 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बांग्लादेश को आधिकारिक तौर पर बाहर कर दिया गया है. बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को इस टूर्नामेंट में शामिल कर लिया गया है. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने गुरुवार को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए साफ कहा था कि वह भारत में जाकर खेले नहीं तो उन्हें बाहर कर दिया जाएगा.
लेकिन BCB अपने जिद्द पर अड़ा रहा और भारत में टी20 वर्ल्ड कप खेलने से साफ इनकार कर दिया. बांग्लादेश के बाहर होने के बाद स्कॉटलैंड को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जगह दे दी गई है.
बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को मिला मौका
दरअसल, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए टी20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी टीम को भारत भेजने से इनकार कर दिया था. बीसीबी ने ICC को लेटर लिखकर मांग की थी कि उसके मैच भारत से श्रीलंका शिफ्ट कर दिया जाए. लेकिन आईसीसी ने उसके इस मांग को ठुकरा दिया और उसे भारत में ही खेलने के लिए अल्टीमेटम दे दिया.
हालांकि, बांग्लादेश अपने जिद्द पर अड़ा रहा और भारत में वर्ल्ड कप खेलने से साफ इनकार कर दिया. वहीं, अब क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, आईसीसी ने बांग्लादेश को बाहर का रास्ता दिखा दिया है और उसकी जगह स्कॉटलैंड को आधिकारिक तौर पर टूर्नामेंट में शामिल कर लिया गया है. आईसीसी ने एक लेटकर लिखकर बांग्लादेश को इसकी जानकारी भी दे दी है.
क्या शेड्यूल में भी होगा बदलाव?
बांग्लादेश के बाहर होने के बाद स्कॉटलैंड को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में उसकी जगह दे दी गई है. ऐसे में शेड्यूल में कोई बदलाव नहीं किया जाए. स्कॉटलैंड को बांग्लादेश की जगह ग्रुप सी में रखा गया है, जहां उसका सामना कोलकाता में वेस्टइंडीज (7 फरवरी), इटली (9 फरवरी) और इंग्लैंड (14 फरवरी) से होगा. इसके बाद स्कॉटलैंड की टीम मुंबई में नेपाल से भिड़ेगी.
बता दें कि, स्कॉटलैंड की टीम यूरोपियन क्वालीफायर में खेली थी, लेकिन वहां नीदरलैंड्स, इटली और जर्सी ने बाजी मारकर टी20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई कर लिया था. हालांकि, अब रैंकिंग के आधार पर स्कॉटलैंड को बांग्लादेश की जगह टी20 वर्ल्ड कप में खेलने का मौका मिल गया है.
T20 वर्ल्ड कप 2026 में स्कॉटलैंड का शेड्यूल
- 7 फरवरी: वेस्टइंडीज के खिलाफ (कोलकाता)
- 9 फरवरी: इटली के खिलाफ (कोलकाता)
- 14 फरवरी: इंग्लैंड के खिलाफ (कोलकाता)
- 17 फरवरी: नेपाल के खिलाफ (मुंबई)

