T20 World Cup 2026

बांग्लादेश के बाहर होने के बाद इस टीम की होगी T20 वर्ल्ड कप में एंट्री! जल्द हो सकती है घोषणा

T20 World Cup 2026: भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में 7 फरवरी से शुरू होने वाले ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बांग्लादेश क्रिकेट टीम बाहर होती नजर आ रही है. आईसीसी ने बुधवार को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया था और कहा था कि उन्हें टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारत आना ही होगा, नहीं तो वह उन्हें बाहर कर दिया जाएगा.

आईसीसी की चेतावनी के बाद भी BCB अपने जिद्द पर अड़ा हुआ है और भारत में वर्ल्ड कप खेलने से इनकार कर दिया है. यानी अब बांग्लादेश की टीम टी20 वर्ल्ड कप से लगभग बाहर हो गई है. ऐसे में अब सवाल यह है कि बांग्लादेश के बाहर होने के बाद किस टीम की वर्ल्ड कप में एंट्री होगी? आईसीसी जल्द ही नई टीम के नाम का ऐलान कर सकती है.

बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड की होगी एंट्री!

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के भारत में टी20 वर्ल्ड कप खेलने से इनकार करने के बाद, ICC ने बुधवार को उसे सोचने-समझने के लिए एक दिन का अल्टीमेटम दिया था. इसपर अब गुरुवार को BCB ने बड़ा फैसला लेते हुए कहा कि वह भारत जाकर टी20 वर्ल्ड कप नहीं खेलेगा. इसी के साथ बांग्लादेश का टूर्नामेंट से बाहर होना तय हो गया है. बांग्लादेश के बाहर होने का बाद अब टी20 वर्ल्ड कप 2026 में स्कॉटलैंड को शामिल किया जाएगा.

स्कॉटलैंड की टीम यूरोपियन क्वालीफायर में खेली थी, लेकिन वहां नीदरलैंड्स, इटली और जर्सी ने बाजी मारकर टी20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई कर लिया था. अब आईसीसी रैंकिंग के आधार पर स्कॉटलैंड टी20 वर्ल्ड कप में खेलने की प्रमुख दावेदार है. आईसीसी जल्द ही बांग्लादेश के बाहर होने और उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल करने का आधिकारिक ऐलान कर सकती है.

शेड्यूल में नहीं होगा कोई बदलाव

स्कॉटलैंड को उसी ग्रुप में रखा जाएगा, जिसमें बांग्लादेश की टीम शामिल थी. ऐसे में शेड्यूल में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा और स्कॉटलैंड वही मैच खेलेगी जो बांग्लादेश की टीम खेलने वाली थी. यानी स्कॉटलैंड को बांग्लादेश की जगह वेस्टइंडीज, इटली, इंग्लैंड और नेपाल के साथ उसी ग्रुप में रखा जाएगा.

ऐसे में स्कॉटलैंड 7 फरवरी को वेस्टइंडीज के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डन्स में अपना पहला मैच खेलेगी. इसके बाद स्कॉटलैंड की टीम इटली, इंग्लैंड और नेपाल से भी भिड़ती हुई नजर आएंगी.

ये भी पढ़ें- भारत में T20 World Cup 2026 नहीं खेलेगा बांग्लादेश, ICC के अल्टीमेटम के बाद लिया ये बड़ा फैसला