South Africa Cricket Team

T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले साउथ अफ्रीका की टीम में हुआ बड़ा बदलाव, दो स्टार खिलाड़ियों की हुई एंट्री

South Africa Squad for T20 World Cup 2026: भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में 7 फरवरी से टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज होने वाला है. इस बड़े टूर्नामेंट के लिए कई टीमों ने अपने-अपने स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है और अपनी तैयारियों को पुख्ता करने में जुटी हुई है. इसी बीच साउथ अफ्रीका ने अपनी टी20 वर्ल्ड कप की टीम में बड़ा बदलाव किया है. टीम के स्टार बल्लेबाज टोनी डी जोर्जी और डोनोवन फरेरा चोट के कारण टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गए हैं. उनकी जगह रयान रिकेल्टन और ट्रिस्टन स्टब्स को टीम में शामिल किया गया है. क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने गुरुवार को इस बात की जानकारी दी है.

टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हुए डी जोर्जी और डोनोवन फरेरा

क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने गुरुवार को अपने एक्स अकाउंट पर एक बयान जारी कर बताया कि टीम के बल्लेबाज टोनी डी जोर्जी और डोनोवन फरेरा चोट के चलते वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी तीन मैचों की T20I सीरीज और T20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर हो गए हैं. डी जोर्जी को पिछले महीने भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान दाहिनी हैमस्ट्रिंग में खिंचाव की समस्या हुई थी, जिससे वह उबर नहीं पाए हैं.

वहीं, फरेरा को शनिवार, 17 जनवरी को जोबर्ग सुपर किंग्स और प्रिटोरिया कैपिटल्स के बीच खेले गए SA20 मुकाबले के दौरान बाईं कॉलरबोन में फ्रैक्चर हो गया था. इसी चोट के कारण उन्हें आगामी टी20 सीरीज और टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होना पड़ा है. इसके अलावा, अनुभवी बल्लेबाज डेविड मिलर भी चोट के कारण वेस्टइंडीज के खिलाफ T20 सीरीज में नहीं खेल पाएंगे. हालांकि, T20 वर्ल्ड कप में उनका खेलना उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगी.

रयान रिकेलटन और ट्रिस्टन स्टब्स की हुई एंट्री

चोटिल डी जोर्जी और फरेरा के टी20 वर्ल्ड कप टीम से बाहर होने के बाद, साउथ अफ्रीका ने रयान रिकेलटन और ट्रिस्टन स्टब्स अपनी 15 सदस्सीय टीम में शामिल किया है. रिकेलटन को पहले टीम से बाहर किए जाने पर काफी हंगामा हुआ था. डरबन सुपर जायंट्स के खिलाफ 63 गेंदों में 113 रन और जोहान्सबर्ग के खिलाफ 60 गेंदों में 113 रन की लगातार दो पारियों के बावजूद, उन्हें शुरुआत में नजरअंदाज कर दिया गया था. हालांकि, अब उन्हें वर्ल्ड कप में खेलने का मौका मिल गया है.

T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए साउथ अफ्रीका का अपडेटेड स्क्वॉड

एडेन मार्कराम (कप्तान), कॉर्बिन बॉश, डेवाल्ड ब्रेविस, क्विंटन डी कॉक , मार्को जानसन, जॉर्ज लिंडे, केशव महाराज, क्वेना मफाका, डेविड मिलर, लुंगी एनगिडी, एनरिक नॉर्टजे, कैगिसो रबाडा, रयान रिकेलटन, जेसन स्मिथ, ट्रिस्टन स्टब्स.

वेस्टइंडीज के खिलाफ T20I सीरीज के लिए साउथ अफ्रीकी टीम

एडेन मारक्रम (कप्तान), कॉर्बिन बॉश, डेवाल्ड ब्रेविस, क्विंटन डी कॉक, रुबिन हरमन, मार्को जानसेन, जॉर्ज लिंडे, केशव महाराज, क्वेना मफाका, लुंगी एंगिडी, एनरिक नॉर्खिया, कगिसो रबाडा, रयान रिकेल्टन, जेसन स्मिथ और ट्रिस्टन स्टब्स.

ये भी पढ़ें- IND vs NZ Weather Report: दूसरे T20I में क्या बारिश बिगाड़ेगी खेल? जानिए कैसा रहेगा मौसम का हाल