T20 World Cup 2026, Tilak Varma Replacement: 7 फरवरी से शुरू होने वाले ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है. भारतीय स्टार बल्लेबाज तिलक वर्मा चोट के कारण टी20 वर्ल्ड कप टीम से बाहर हो सकते हैं. तिलक इस समय ग्रोइन की समस्या से जूझ रहे हैं, जिसके चलते उन्हें सर्जरी भी करानी पड़ी. बताया जा रहा है कि तिलक को पूरी तरह फिट होने में करीब 3-4 हफ्ते लग सकते हैं.
इसी वजह से वह न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से बाहर हो गए हैं और अगले महीने होने वाले टी20 वर्ल्ड कप में भी उनके खेलने पर संशय बन हुआ है. हालांकि, इसपर BCCI की ओर से अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. अब बड़ा सवाल है कि अगर तिलक टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होते हैं तो उनकी जगह किसे टीम इंडिया में मौका मिल सकता है. आइए जानते हैं उन 5 खिलाड़ियों के बारे में जो तिलक का रिप्लेसमेंट बन सकते हैं.
यशस्वी जायसवाल

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए तिलक वर्मा के रिप्लेसमेंट के लिए यशस्वी जायसवाल सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं. यशस्वी अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं और टी20 इंटरनेशनल में उनका रिकॉर्ड भी शानदार रहा है. उन्होंने भारत के लिए 36.15 के औसत और 164.31 के स्ट्राइक रेट से 723 रन बनाए हैं, जिसमें 5 अर्धशतक और 1 शतक शामिल है.
श्रेयस अय्यर

लंबे समय से टी20 टीम से बाहर चल रहे श्रेयस अय्यर को भी तिलक की जगह टी20 वर्ल्ड कप की टीम में शामिल किया जा सकता है. भारतीय वनडे टीम के उपकप्तान ने आईपीएल 2025 में पंजाब किंग्स के लिए नंबर-3 पर शानदार बल्लेबाजी की थी. उन्होंने 17 पारियों में 50.33 के औसत और 175 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 604 रन बनाए थे. उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 97 रहा. हालांकि, वह दिसंबर 2023 के बाद से भारत की टी20 टीम का हिस्सा नहीं रहे हैं.
शुभमन गिल

भारतीय टी20 टीम के उपकप्तान शुभमन गिल को भी तिलक वर्मा की जगह टीम इंडिया में शामिल किया जा सकता है. गिल भले ही खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं, लेकिन बीसीसीआई उन्हें एक और मौका दे सकती है. गिल ने अब तक खेले 36 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 28.03 की औसत और 138.59 के स्ट्राइक रेट से 869 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और 3 शतक निकले हैं.
ऋतुराज गायकवाड़

ऋतुराज गायकवाड़ एक टॉप ऑर्डर के भरोसेमंद बल्लेबाज हैं और वह एक बार सेट हो जाएं तो बड़ी पारी खेलने की काबिलियत रखते हैं. ऐसे में ऋतुराज को भी लगभग दो साल बाद टी20 टीम में वापसी का मौका मिल सकता है. उन्होंने भारत के लिए अब तक खेले 20 टी20 मैचों में 39.56 की औसत और 143.53 के स्ट्राइक रेट से 633 रन बनाए हैं. वहीं, टी20 क्रिकेट में उनके नाम 5000 से ज्यादा रन हैं.
देवदत्त पडिक्कल

देवदत्त पडिक्कल ने हाल ही में घरेलू क्रिकेट में जबरदस्त फॉर्म दिखाई है. विजय हजारे ट्रॉफी में भले ही फॉर्मेट अलग हो, लेकिन टी20 में भी उनका प्रदर्शन काफी प्रभावशाली रहा है. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उन्होंने 6 पारियों में 61.80 के औसत और 167 के स्ट्राइक रेट से 309 रन बनाए, जिसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं. इसके अलावा, उन्होंने भारत के लिए खेले 2 टी20I मैचों में 100 के स्ट्राइक रेट से 38 रन बनाए हैं.

