Team India

T20 वर्ल्ड कप से पहले इस टीम से होगी भारत की टक्कर! नवी मुंबई में खेला जाएगा मुकाबला

T20 World Cup 2026: भारतीय क्रिकेट टीम इस समय न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज खेल रही है, जिसका आखिरी मुकाबला 31 जनवरी को तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा. इसके ठीक एक हफ्ते बाद यानी 7 फरवरी से टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत होने जा रही है. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम खिताब बचाने के इरादे से मैदान पर उतरेगी.

टीम इंडिया अपने टी20 वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत 7 फरवरी को यूएसए के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में करेगी. लेकिन इससे पहले टीम इंडिया एक अहम मैच खेलने वाली है, जिसको लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है.

टी20 वर्ल्ड कप से पहले साउथ अफ्रीका से भिड़ेगी टीम इंडिया

क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने अभियान की शुरुआत करने से पहले टीम इंडिया एक वॉर्म-अप मैच खेलने मैदान पर उतरेगी. इस अभ्यास मैच में भारत का सामना साउथ अफ्रीका से होने की पूरी संभावना है. यह मुकाबला 4 फरवरी को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला जा सकता है. वर्ल्ड कप से पहले यह भारत का इकलौता अभ्यास मैच होगा.

भारत और न्यूजीलैंड के बीच जारी टी20 सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला 31 जनवरी को तिरुवनंतपुरम में होगा. इसके बाद टीम इंडिया 1 फरवरी को वहां से रवाना होगी और 3 फरवरी को मुंबई पहुंचेगी. हालांकि, ICC ने अभी तक वॉर्म-अप मैचों का आधिकारिक शेड्यूल जारी नहीं किया है, लेकिन माना जा रहा है कि सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम का मुकाबला साउथ अफ्रीका से तय है.

जल्द होगा वॉर्म-अप मैचों के शेड्यूल का ऐलान

BCCI और क्रिकेट साउथ अफ्रीका से जुड़े सूत्रों ने इस संभावित मुकाबले की बात मानी है, लेकिन ICC की तरफ से आधिकारिक ऐलान न होने के कारण फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं की गई है. बताया जा रहा है कि बांग्लादेश का टूर्नामेंट से बाहर होना और उसकी जगह स्कॉटलैंड का शामिल करने की वजह से वॉर्म-अप मैचों के शेड्यूल में देरी हुई है. उम्मीद है कि ICC सोमवार, 26 जनवरी को वॉर्म-अप मैचों का शेड्यूल जारी कर सकता है.

बता दें कि, टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारत को ग्रुप A में पाकिस्तान, नीदरलैंड्स, यूएसए और नामीबिया के साथ रखा गया है. वहीं साउथ अफ्रीका ग्रुप D में कनाडा, अफगानिस्तान, न्यूजीलैंड और UAE के साथ शामिल है. साउथ अफ्रीका अपना पहला मैच 9 फरवरी को कनाडा के खिलाफ अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेलेगा.

ये भी पढ़ें- भारत सरकार का बड़ा ऐलान, रोहित शर्मा और हरमनप्रीत कौर को मिलेगा पद्म श्री सम्मान