U19 World Cup 2026: जिम्बाब्वे और नामीबिया में इन दिनों अंडर 19 विश्व कप खेला जा रहा है. टूर्नामेंट में इंग्लैंड के एक खिलाड़ी बेन मेयस ने इतिहास रचने का काम किया है. स्कॉटलैंड के खिलाफ मुकाबले में मेयस ने तूफानी पारी खेलते हुए 10 साल पुराने रिकॉर्ड चकनाचूर कर दिया है. अब वो यूथ वनडे में इंग्लिश टीम के लिए सबसे बड़ी पारी खेलने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. उन्होंने इस मैच में तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 117 मैचों में 191 रनों की बेहतरीन पारी खेली. उनकी इस पारी के दम पर इंग्लैंड ने 50 ओवरों में स्कॉटलैंड के सामने 404 रनों का स्कोर खड़ा किया.
Ben Mayes scores a fiery ton as England continue to pile on the runs against Scotland 🔥
— ICC Cricket World Cup (@cricketworldcup) January 21, 2026
Watch #U19WorldCup LIVE, broadcast details 👉 https://t.co/gGyxHprYVk pic.twitter.com/30lVLSpQrH
बेन मेयस ने खेल डाली ऐतिहासिक पारी
स्कॉटलैंड के खिलाफ मैच में बेन मेयस ने आतिशी पारी खेलते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है. उन्होंने 117 गेंदों की पारी में 163 की स्ट्राइक रेट से रन बटोरे. साथ ही उन्होंने इस पारी में 18 चौके और 8 गगनचुंबी छक्के भी जड़े. इस पारी के दम पर उन्होंने डैन लॉरेंस के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है. उन्होंने साल 2016 में यूथ वनडे में इंग्लैंड के लिए 150 गेंदों पर 174 रनों की पारी खेली थी. मेयस की ये पारी बेहद ही खास रही. उन्होंने स्कॉटलैंड के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए मैदान के हर छोर में रन बनाए.
जोसेफ मूरेस के साथ की बेहतरीन साझेदारी
बेन मेयस को इस मैच में जोसेफ मूरेस का बखूबी साथ मिला. इस मैच में टीम का एक विकेट जल्दी गिर गया था, इसके बाद बल्लेबाजी करने के लिए उतरे बेन मेयस ने जोसेफ मूरेस के साथ मिलकर कमाल की साझेदारी को अंजाम दिया. दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 129 गेंदें खेलते हुए 188 रन जोड़े. पहला विकेट 12 रनों के स्कोर पर गिरने के बाद इंग्लिश टीम का दूसरा विकेट 200 रन के स्कोर पर गिरा. मूरेस ने 65 गेंदों का सामना करते हुए 81 रनों की आतिशी पारी खेली.

