India vs Bangladesh, U19 World Cup 2026: भारतीय टीम ने शनिवार (17 जनवरी) को आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के अपने दूसरे मुकाबले में बांग्लादेश के खिलाफ 18 रनों से रोमांचक जीत दर्ज की. यह भारत की वर्ल्ड कप में लगातार दूसरी जीत है. बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए इस मुकाबले में आयुष म्हात्रे की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने पहले बैटिंग करते हुए 238 रनों का स्कोर खड़ा किया था.
हालांकि, इस मैच में बारिश बार-बार खलल डाला और जिसके बाद बांग्लादेश को डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (DLS) नियम के तहत 29 ओवर में 165 रनों लक्ष्य मिला, लेकिन बांग्लादेशी टीम सिर्फ 146 रन ही बना सकी. भारत की इस जीत के हीरो विहान मल्होत्रा रहे, जिन्होंने कमाल की गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट चटकाए. इस शानदार प्रदर्शन के लिए विहान को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
वैभव सूर्यवंशी ने खेली धमाकेदार पारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 48.4 ओवर में 238 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. पारी की शुरुआत करने उतरे कप्तान आयुष म्हात्रे ज्यादा देर टिक नहीं सके और सिर्फ 12 गेंदों में 6 रन बनाकर आउट हो गए. हालांकि, वैभव सूर्यवंशी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 67 गेंदों में 6 चौके और 3 छक्कों की मदद से 72 रनों की पारी खेली. वहीं, नंबर-3 पर बैटिंग करने उतरे वेदांत त्रिवेदी खाता भी नहीं खोल सके.
भारत ने सिर्फ 53 रन पर तीन अहम विकेट गंवा दिए थे. इसके बाद अभिज्ञान कुंडू ने पारी संभाली और 112 गेंदों में 80 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 3 छक्के शामिल थे. आखिर में कनिष्क चौहान ने भी तेजी से रन बनाए और 26 गेंदों में 28 रन की उपयोगी पारी खेली. वहीं, बांग्लादेश की ओर से अल फहाद ने सबसे ज्यादा 5 विकेट झटके, जबकि हुसैन एमोन और कप्तान हकीम तमीम ने 2-2 विकेट लिए.
विहान मल्होत्रा ने गेंद से बरपाया कहर
239 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम ने 17.2 ओवर में 2 विकेट पर 90 रन बना लिए थे. इसके बाद बारिश ने खलल डाला और खेल को काफी देर तक रोक दिया गया. बारिश की वजह से जब खेल दोबारा शुरू हुआ तो DLS मेथड के तहत बांग्लादेश को 29 ओवर में 165 रनों का नया लक्ष्य मिला. ओपनर जवाद अबरार ने 3 गेंदों में 5 रन बनाए, जबकि रिफत बेग ने 37 गेंदों में 37 रन की पारी खेली.
ऐसे में बांग्लादेश के कप्तान अजीजुल हकीम ने पारी संभाली और 72 गेंदों में 51 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 1 छक्का शामिल रहा. कलाम सिद्दिकी ने 23 गेंदों में 15 रन बनाए, लेकिन इसके बाद बांग्लादेश का कोई भी बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर पाया और पूरी टीम 28.3 ओवर में 146 रन पर सिमट गई. भारत की ओर से विहान मल्होत्रा ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 14 रन देकर 4 विकेट झटके और भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई.
आखिरी ओवरों में पलटा मैच
लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश की टीम एक समय काफी मजबूत नजर आ रही थी. बांग्लादेश ने 27 ओवर में 7 विकेट पर 143 रन बना लिए और जीत के लिए उन्हें 12 गेंदों पर 21 रन चाहिए थे. लेकिन विहान मल्होत्रा और हेनिल पटेल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए मैच का रुख पलट दिया. मल्होत्रा ने 28वें ओवर में सिर्फ 3 रन देकर दो विकेट चटकाए. अब बांग्लादेश को जीत के लिए आखिरी 6 गेंदों पर 19 रन चाहिए थे.
भारत की ओर से तेज गेंदबाज हेनिल पटेल आखिरी ओवर करने आए. पटेल की पहली दो गेंदों पर कोई रन नहीं बना और तीसरी गेंद पर उन्होंने इकबाल हुसैन को विहान मल्होत्रा के हाथों कैच आउट कराके भारत को यादगार जीत दिला दी. यह भारत की U19 वर्ल्ड कप में लगातार दूसरी जीत है. इससे पहले टीम ने USA को 6 विकेट से हराया था.

