Vaibhav Suryavanshi in U19 ODI World Cup

U19 World Cup 2026: वैभव सूर्यवंशी तोड़ेंगे ये 2 बड़े वर्ल्ड रिकॉर्ड! इस दिन से शुरू होगा विश्व कप का रोमांच

U19 World Cup 2026: भारतीय अंडर 19 टीम इन दिनों विश्व कप की तैयारी में जुटी हुई है. टीम अपने दोनों वॉर्म अप मैच खेल चुकी है, जिसमें से एक में टीम को हार का सामना करना पड़ा है तो वहीं एक में टीम को जीत हासिल हुई है. इस बार के विश्व कप में पूरे क्रिकेट जगत की नजर 14 साल के युवा वैभव सूर्यवंशी पर होगी. बीते एक साल में उन्होंने अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के दम पर सुर्खियां बटोरने का काम किया है.

इस बार जिम्बाब्वे और नामीबिया में होने जा रहे विश्व कप में वैभव के पास 2 बड़े वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम करने का शानदार मौका होगा. उनकी बल्लेबाजी फॉर्म को देखते हुए वो ये मुकाम हासिल कर सकते हैं. ऐसे में चलिए आपको भी बताते हैं कि ये कौन से रिकॉर्ड हैं और किस दिन से विश्व कप का टूर्नामेंट शुरू होने जा रहा है. 

वैभव सूर्यवंशी ने निशाने पर ये 2 रिकॉर्ड

वैभव सूर्यवंशी वनडे विश्व कप के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं. फिलहाल, ये रिकॉर्ड साउथ अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस के नाम है. उन्होंने साल 2022 के अंडर 19 विश्व कप में 18 छक्के जड़े थे. ऐसे में इस बार अगर वैभव 19 छक्के लगाने में कामयाब हो जाते हैं तो ये रिकॉर्ड उनके नाम हो जाएगा. 

इस विश्व कप में उनके पास शिखर धवन का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ने का भी मौका होगा. टूर्नामेंट के एक सीजन में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट से रन बनाने का रिकॉर्ड शिखर धवन के नाम है. उन्होंने साल 2004 में खेले गए विश्व कप में 93.51 की स्ट्राइक रेट से 505 रन बनाए थे. वैभव जिस अंदाज में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हैं उनके लिए ये रिकॉर्ड बनाना कोई बड़ी बात नहीं होगी.

15 जनवरी से शुरु होने जा रहा टूर्नामेंट

टीम इंडिया इस बार पिछली बार के जख्म को भरने के लिए उतरेगी. उदय शरण की कप्तानी में टीम इंडिया ने आखिरी अंडर 19 विश्व के फाइनल में पहुंची थी लेकिन ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार का सामना किया था. इस बार टीम आयुष म्हात्रे की कप्तानी में विश्व कप में उतर रही है. भारतीय टीम अपना पहला मुकाबला 15 जनवरी को यूएसए के खिलाफ खेलने के लिए उतरेगी. इस बार 20 टीमें टूर्नामेंट में उतर रही हैं और टीम इंडिया को ग्रुप बी में रखा गया है.

ये भी पढ़िए- IPL 2026 शुरू होने से पहले RCB फैंस के लिए आई दिल तोड़ने वाली खबर, अचानक बदल गया होम ग्राउंड!