Vidarbha reached Vijay Hazare Trophy 2025-26

Vijay Hazare Trophy: कर्नाटक को हराकर विदर्भ ने मारी फाइनल में एंट्री, अमन मोखाड़े ने खेली तूफानी शतकीय पारी

Vidarbha Reached Vijay Hazare Trophy 2025-26 Final: विदर्भ क्रिकेट टीम ने विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है. गुरुवार (15 जनवरी) को खेले गए पहले सेमीफाइनल में विदर्भ ने कर्नाटक को 6 विकेट से हराकर फाइनल का टिकट कटा लिया. इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी कर्नाटक की टीम 49.4 ओवर में 280 रन पर ऑलआउट हो गई थी.

इसके जवाब में उतरी विदर्भ की टीम ने 46.2 ओवर में ही 4 विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल कर लिया. विदर्भ की ओर से अमन मोखाड़े ने शानदार शतक जड़ा और 138 रनों की पारी खेल टीम को जीत दिलाने अहम भूमिका निभाई. वहीं, गेंदबाजी में दर्शन नलकंडे ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट अपने नाम किए.

अमन मोखाड़े ने ठोका शानदार शतक

284 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी विदर्भ की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और सिर्फ 9 रन के स्कोर पर पहला झटका लगा. ओपनर अथर्व तायडे सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हो गए. हालांकि, अथर्व के साथी ओपनर अमन मोखाड़े एक छोर पर टिके रहे और शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ दिया. मोखाड़े ने कर्नाटक के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और 122 गेंदों पर 138 रनों की बेहतरीन पारी खेली. अपनी पारी में उन्होंने 12 चौके और 2 छक्के लगाए.

उनके अलावा, ध्रुव शोरे ने 64 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 47 रनों की पारी खेली. वहीं, रविकुमार समर्थ ने 69 गेंदों पर नाबाद 76 रन बनाकर टीम को जीत दिला दी. विदर्भ ने 46.2 ओवर में ही 4 विकेट पर 284 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया. इसी जीत के साथ हर्ष दुबे की कप्तानी वाली विदर्भ टीम ने विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के फाइनल में एंट्री कर ली.

कर्नाटक की टीम 280 रन पर हुई ढेर

इससे पहले कर्नाटक के कप्तान मयंक अग्रवाल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था, जो टीम के लिए सही साबित नहीं हुआ. पारी की शुरुआत करने उतरे कप्तान मयंक और देवदत्त पडिक्कल दोनों ही फ्लॉप रहे. मयंक 9 रन बनाकर आउट हुए तो पडिक्कल भी सिर्फ 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. हालांकि, तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे करुण नायर ने पारी को संभाला और कृष्णन श्रीजीत के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 113 रनों की साझेदारी की.

नायर ने 90 गेंदों पर 76 रनों की पारी खेली, जबकि श्रीजीत ने 54 रन बनाए. उनके अलावा, श्रेयस गोपाल ने 36 रन और अभिनव मनोहर ने 26 रन बनाए. कर्नाटक टीम 49.4 ओवर में 280 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. वहीं, विदर्भ की ओर से दर्शन नलकंडे ने सबसे ज्यादा 5 विकेट चटकाए. यश ठाकुर ने 2 विकेट लिए, जबकि नचिकेट भूटे और यश कदम को 1-1 सफलता मिली.

ये भी पढ़ें- IND U19 vs USA U19: बल्ले से फ्लॉप रहने के बाद भी वैभव सूर्यवंशी ने रच दिया इतिहास, अपने नाम किया एक और वर्ल्ड रिकॉर्ड