Vijay Hazare Trophy 2025-26: विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के दूसरे सेमीफाइनल में सौराष्ट्र ने पंजाब को 9 विकेट से हराकर फाइनल का टिकट कटा लिया है. बेंगलुरु के बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड 1 में खेले गए इस मुकाबले में पहले बैटिंग करते हुए पंजाब ने जीत के लिए 292 रनों का टारगेट रखा था, जिसे सौराष्ट्र की टीम ने 39.3 ओवर में ही सिर्फ एक विकेट पर हासिल कर मैच जीत लिया. पंजाब की ओर से विश्वराज जडेजा ने लाजवाब पारी खेली और नाबाद 165 रन बनाकर अपनी टीम को शानदार जीत के साथ फाइनल में पहुंचा दिया. अब फाइनल में सौराष्ट्र का सामना विदर्भ की टीम से होगा.
विश्वराज जडेजा ने बल्ले से मचाया कोहराम
292 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सौराष्ट्र की टीम को कप्तान हरविक देसाई और विश्वराज जडेजा ने दमदार शुरुआत दिलाई. दोनों ने पंजाब के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और पहले विकेट के लिए 172 रनों की शानदार साझेदारी की. हरविक 63 गेंदों में 9 चौकों की मदद से 64 रन बनाकर आउट हुए. हालांकि, जडेजा मैदान पर जमे रहे और ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए शतक ठोक दिया.
जडेजा ने 127 गेंदों पर नाबाद 165 रनों की धुआंधार पारी खेली, जिसमें उन्होंने 18 चौके और तीन गगनचुंबी छक्के लगाए. उनके अलावा, प्रेरक मनकड़ ने 49 गेंदों पर नाबाद 52 रन बनाए. जडेजा की इस शानदार पारी के दम पर सौराष्ट्र ने 39.3 ओवर में ही एक विकेट पर 293 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया और इसी जीत के साथ फाइनल का टिकट भी हासिल कर लिया.
अनमोलप्रीत सिंह का शतक गया बेकार
इससे पहले टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी पंजाब की बल्लेबाजी बेहद खराब रही और पूरी टीम 50 ओवर में 291 रनों पर ऑलआउट हो गई. पंजाब की ओर से अनमोलप्रीत सिंह ने 100 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली. अपनी पारी में उन्होंने 9 चौके और एक छक्का लगाया. उनके अलावा, कप्तान प्रभसिमरन सिंह ने 89 गेंदों में 9 चौके और 3 छक्कों के साथ 87 रन बनाए.
उनके अलावा, रमनदीप सिंह 42 रन और हरनूर सिंह ने 33 रन बनाए. जबकि पंजाब के 7 खिलाड़ी दहाई का आंकड़ तक नहीं छू सके. वहीं, सौराष्ट्र की ओर से चेतन सकारिया ने सबसे ज्यादा 4 विकेट चटकाए, जबकि अंकुर पंवार और चिराग जानी ने 2-2 विकेट लिए.

