SL U19 vs JAP U19, Viran Chamuditha Creates History: ICC अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में श्रीलंका के युवा बल्लेबाज विरान चामुदिथा ने इतिहास रच दिया. चामुदिथा ने वो कारनामा कर दिखाया है, जो आज तक कोई बल्लेबाज नहीं कर सका था. उन्होंने टूर्नामेंट के पहले ही मैच में जापान के खिलाफ ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 192 रन ठोक दिए और इस धमाकेदार पारी के साथ एक वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. चामुदिथा अब U19 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने बल्लेबाज बन गए हैं.
विरान चामुदिथा ने बनाया नया वर्ल्ड रिकॉर्ड
बुलावायो में खेले गए इस मुकाबले में श्रीलंका के बल्लेबाज विरान चामुदिथा ने जापान के खिलाफ 143 गेंदों 192 रनों की धुआंधार पारी खेली, जिसमें उन्होंने 26 चौके और एक छक्का जड़ा. इस पारी के साथ उन्होंने अपने ही देश के हसीथा बोयागोडा का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने 2018 में केन्या के खिलाफ 191 रन बनाए थे. लेकिन अब वह दूसरे नंबर पर आ गए हैं और चामुदिथा U19 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने बल्लेबाज बन गए हैं. खास बात यह है कि वीरन का यूथ वनडे में यह पहला शतक है और उन्होंने अब तक कुल 17 मैच खेले हैं.
U19 वर्ल्ड कप में सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले टॉप 5 बल्लेबाज
- वीरन चामुदिथा (श्रीलंका) – 192 रन बनाम जापान, 17 जनवरी 2026
- हसीथा बोयागोडा (श्रीलंका) – 191 रन बनाम केन्या, 23 जनवरी 2018
- जैकब भुला (न्यूजीलैंड) – 180 रन बनाम केन्या, 17 जनवरी 2018
- डोनोवन पैगॉन (वेस्टइंडीज) – 176 रन बनाम स्कॉटलैंड, 21 जनवरी 2002
- डैन लॉरेंस (इंग्लैंड) – 174 रन बनाम फिजी, 27 जनवरी 2016
328 रनों की रिकॉर्ड ओपनिंग पार्टनरशिप
इतना ही नहीं, चामुदिथा ने अपने ओपनिंग पार्टनर दिमांथा महाविताना के साथ मिलकर 328 रन की रिकॉर्ड साझेदारी की. यह अंडर-19 वर्ल्ड कप के इतिहास में किसी भी विकेट के लिए अब तक की सबसे बड़ी पार्टनरशिप है. इस जोड़ी ने जापान की गेंदबाजी को पूरी तरह बेबस कर दिया. चामुदिथा ने 192 रन तो महाविताना ने इस मैच में 115 रन की पारी खेली.
इन दोनों की शानदार पारियों के दम पर श्रीलंका ने जापान के खिलाफ 50 ओवर में 4 विकेट पर 387 रनों का स्कोर खड़ा किया. इसके जवाब में जापान की टीम 50 ओवर में 8 विकेट पर 184 रन ही बना सकी और श्रीलंकाई टीम ने 203 रनों से बड़ी जीत दर्ज की.
U19 वर्ल्ड कप में सबसे बड़ी पार्टनरशिप (किसी भी विकेट के लिए)
- दिमांथा महाविताना & विरान चामुदिथा (श्रीलंका) – 328 बनाम जापान, 17 जनवरी 2026
- डैन लॉरेंस और जैक बर्नहम (इंग्लैंड) – 303 बनाम फिजी, 2016
- ब्रैड विल्सन और बीजे वॉटलिंग (न्यूजीलैंड) – 273 बनाम स्कॉटलैंड, 2004
- जेसन सांघा और नाथन मैकस्वीनी (ऑस्ट्रेलिया) – 250 बनाम PNG, 2018
- रचिन रविंद्र और जैकब भुला (न्यूजीलैंड) – 245 बनाम केन्या, 2018

