IND vs NZ 1st ODI, Rohit Sharma-Virat Kohli: भारत और न्यूजीलैंड के बीच वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम में खेले जा रहे पहले वनडे के दौरान मैदान पर एक ऐसा अनोखा नजारा देखने को मिला, जिसने फैंस को हंसा-हंसा कर लोटपोट कर दिया. रविवार, 11 जनवरी को बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) ने टीम इंडिया के दो दिग्गज खिलाड़ियों रोहित शर्मा और विराट कोहली को खास अंदाज में सम्मानित किया.
यह मुकाबला इसलिए भी खास था क्योंकि कोटांबी स्टेडियम पहली बार किसी मेंस ODI इंटरनेशनल मैच की मेजबानी कर रहा था. वहीं, न्यूजीलैंड की पारी खत्म होने के बाद रोहित और कोहली को फूलों के गुलदस्ते देकर सम्मानित किया गया, लेकिन इस छोटे से सेरेमनी का अंदाज सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
रोहित-कोहली ने अलमारी से की ‘एंट्री’
टेस्ट और टी20 क्रिकेट से संन्यास ले चुके टीम इंडिया के दो दिग्गज खिलाड़ी रोहित शर्मा और विराट कोहली जब वडोदरा के नए स्टेडियम में पहली बार खेलने उतरे, तो इनिंग्स ब्रेक के दौरान उन्हें खास सम्मान दिया गया. ICC चेयरमैन जय शाह और BCCI प्रमुख मिथुन मन्हास की मौजूदगी में BCA ने एक अलमारी (कपबोर्ड) तैयार किया था, जिस पर रोहित और कोहली के लाइफ-साइज स्टिकर लगे थे. सबसे मजेदार पल तब आया जब दोनों सीनियर खिलाड़ी उसी कपबोर्ड के अंदर खड़े किए गए और फिर नाम पुकारे जाने पर बाहर लाए गए.
अलमारी से बाहर के बाद दोनों ने अपनी बड़ी-बड़ी तस्वीरों पर ऑटोग्राफ दिए. इस अनोखे अंदाज को देखकर स्टेडियम में मौजूद दर्शक और फैंस अपनी हंसी नहीं रोक पाए. सोशल मीडिया पर इसे “रोहित-कोहली अनबॉक्सिंग सेरेमनी” कहा जाने लगा.
रोहित और कोहली ने भी नहीं रोक पाए हंसी
इस अनोखे सेरेमनी के दौरान खुद रोहित शर्मा और विराट कोहली भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए और इस मजेदार मोमेंट को एंजॉय करते नजर आए. गुलदस्ते लेते वक्त दोनों की हंसी नहीं रुक रही थी और माहौल पूरी तरह खुशनुमा हो गया. कोटांबी स्टेडियम में हुए इस अनोखे सेरेमनी का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है और फैंस इसपर लगातार मजेदार कमेंट कर रहे हैं.
भारत को मिला 301 रनों का लक्ष्य
मैच की बात करें तो भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. इसके बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड टीम को डेवोन कोनवे और हेनरी निकोल्स ने अच्छी शुरुआत दिलाई. दोनों ने अर्धशतकीय पारी खेली. कोनवे ने 56 रन, जबकि निकोल्स ने 62 रन बनाए.
इसके बाद डेरिल मिचेल ने शानदार 84 रनों की पारी खेली, जिसकी बदौलत न्यूजीलैंड ने 50 ओवर में 8 विकेट पर 300 रन बनाए और भारत को जीत के लिए 301 रनों का टारगेट मिला. वहीं, भारत की ओर से मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा और प्रसिद्ध कृष्णा ने 2-2 विकेट चटकाए, जबकि कुलदीप यादव को 1 सफलता मिली.

