Virat Kohli

T20 World Cup में विराट कोहली का वो ऐतिहासिक रिकॉर्ड, जिसे आज तक नहीं तोड़ पाया कोई खिलाड़ी

Virat Kohli Record: भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में 7 फरवरी से आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज होने वाला है, जिसमें कुल 20 टीमें खिताब के लिए जंग करेंगी. टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में कई दिग्गजों ने अपनी छाप छोड़ी है, लेकिन टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के नाम एक ऐसा ऐतिहासिक रिकॉर्ड दर्ज है, जिसे आज तक कोई नहीं तोड़ पाया है.

हालांकि, कोहली अब टी20I क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और इस बार टूर्नामेंट में खेलते हुए नजर नहीं आएंगे. वहीं, टी20 वर्ल्ड कप 2026 में दो खिलाड़ियों के पास कोहली के इस वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी का सुनहरा मौका होगा.

विराट कोहली के नाम दर्ज ये वर्ल्ड रिकॉर्ड

दरअसल, विराट कोहली टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में दो बार ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का अवॉर्ड जीतने वाले इकलौते खिलाड़ी हैं. उन्होंने ये कारनामा साल 2014 और 2016 में किया था. टी20 वर्ल्ड कप 2014 में कोहली ने रनों का अंबार लगाया था और जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए 319 रन बनाए थे. हालांकि, फाइनल में भारत को श्रीलंका के खिलाफ 6 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी, लेकिन कोहली को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया.

इसके ठीक दो साल बाद 2016 के टी20 वर्ल्ड कप में भी कोहली का बल्ला जमकर बोला और उन्होंने एक बार फिर अपनी बादशाहत कायम रखी. उन्होंने टूर्नामेंट में कुल 273 रन ठोके और साथ ही 1 विकेट भी लिया. इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें लगातार दूसरी बार प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया और ये रिकॉर्ड आज भी कायम है. बता दें कि, कोहली ने टी20 वर्ल्ड कप में खेले 35 मैचों में कुल 1292 रन बनाए हैं. इस दौरान उन्होंने 15 अर्धशतकिय पारी खेली और उनका बेस्ट स्कोर 89 रन रहा.

कौन कर सकता है कोहली के रिकॉर्ड की बराबरी?

टी20 वर्ल्ड कप में अब तक प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट जीतने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में विराट कोहली का नाम दो बार दर्ज है, जबकि बाकी खिलाड़ी सिर्फ एक-एक बार ही यह अवॉर्ड जीत पाए हैं. हालांकि, अब भारतीय अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर सैम करन के पास कोहली के इस वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी करने का मौका है. सैम करन ने टी20 वर्ल्ड कप 2022 में 13 विकेट लेकर इंग्लैंड को चैंपियन बनाया और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बने.

वहीं, जसप्रीत बुमराह ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 में 15 विकेट लेकर बल्लेबाजों की नींद उड़ा दी थी. इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट अवॉर्ड से नवाजा गया. ये दोनों खिलाड़ी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी खेलते नजर आएंगे. अगर इनमें से कोई भी एक बार फिर प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनता है, तो वह कोहली के इस रिकॉर्ड की बराबरी कर लेगा.

T20 वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट अवॉर्ड जीतने वाले खिलाड़ी

खिलाड़ीदेशसाल
शाहिद अफरीदीपाकिस्तान2007
तिलकरत्ने दिलशानश्रीलंका2009
केविन पीटरसनइंग्लैंड2010
शेन वॉटसनऑस्ट्रेलिया2012
विराट कोहलीभारत2014
विराट कोहलीभारत2016
डेविड वॉर्नरऑस्ट्रेलिया2021
सैम करनइंग्लैंड2022
जसप्रीत बुमराहभारत2024

ये भी पढ़ें- IND vs NZ: गिल-रोहित ओपन, जायसवाल-पंत होंगे बाहर! पहले वनडे में ऐसी हो सकती है भारत की प्लेइंग XI