Virat Kohli Mahakal Darshan

माथे पर चंदन, चेहरे पर सादगी…महाकाल के दरबार में पहुंचे विराट कोहली, भस्म आरती में लिया हिस्सा

Virat Kohli Mahakal Darshan: टीम इंडिया को न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज का तीसरा मुकाबला इंदौर के मैदान पर खेलना है. दोनों ही टीमों के लिए ये मुकाबला बेहद ही खास है क्योंकि जो भी टीम इस मैच में जीत हासिल करेगी वो सीधे तौर पर सीरीज पर कब्जा कर लेगी. इस अहम मुकाबले से पहले टीम इंडिया के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली उज्जैन महाकाल के दर्शन करने के लिए पहुंचे. इस दौरान उनके साथ टीम इंडिया के चाइनामैन स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव भी मौजूद रहे. मंदिर में कोहली भक्ति भाव में नजर आ रहे थे. उन्होंने माथे पर चंदन का तिलक लगाया हुआ. सुबह 4 बजे उठकर वो भस्म आरती में भी शामिल हुए हैं. उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. 

टीम के बाकी खिलाड़ियों ने भी किए दर्शन

विराट कोहली के साथ-साथ कुलदीप यादव और फील्डिंग कोच टी दिलीप भी महाकाल के दर्शन करने के लिए पहुंचे थे. शनिवार की सुबह ये तीनों महाकाल के दरबार में पूजा अर्चना करते हुए नजर आए. इससे पहले टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर, बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक और दूसरे वनडे में शतक जड़ने वाले केएल राहुल भी बाबा के दर्शन के लिए पहुंच चुके हैं. विराट कोहली और कुलदीप यादव पहली बार महाकाल मंदिर के दर्शन के लिए नहीं पहुंचे हैं. इससे पहले भी कई मौकों पर मंदिर में देखा गया है.

बेहतरीन फॉर्म में नजर आ रहे विराट कोहली

विराट कोहली अब टीम इंडिया के लिए महज वनडे फॉर्मेट खेलते हैं. उन्होंने इस फॉर्मेट में मानो महारथ हासिल कर ली है. वो हर मैच में लगातार रनों का अंबार लगा रहे हैं. हालांकि, न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में वो कुछ खास नहीं कर पाए थे. ऐसे में अब इंदौर में होने वाले तीसरे वनडे मुकाबले में उनका बल्ला चलना टीम इंडिया के लिए बेहद जरूरी हो चुका है. टीम इंडिया की नजरें इस मैच में जीत हासिल कर सीरीज पर कब्जा करने की होगी. शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया की ये पहली वनडे सीरीज जीत हो सकती है. 

ये भी पढ़िए- WPL 2026: RCB ने दर्ज की लगातार तीसरी जीत, मैच के बाद क्या है पॉइंट्स टेबल का हाल?