T20 World Cup 2026 West Indies Team

T20 World Cup से पहले वेस्टइंडीज बना रहा नया प्लान! बोर्ड पुराने खिलाड़ियों की चाहता है टीम में वापसी

T20 World Cup 2026: 7 फरवरी से टी20 विश्व कप की शुरुआत होने जा रही है. इससे पहले सभी देशों की टीमें और बोर्ड इसकी तैयारियों में जुटे हुए हैं. इस बीच वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड विश्व कप के लिए अलग ही प्लानिंग बना रहा है. बोर्ड चाहता है कि टी20 इंटरनेशनल से रिटायरमेंट ले चुके निकोलस पूरन अपना रिटायरमेंट वापस ले लें और टी20 विश्व कप में टीम के लिए खेलें. इसी के साथ बोर्ड कई बड़े दिग्गज जैसे किरोन पोलार्ड और ड्वेन ब्रावो से भी संपर्क में है. पूरन ने पिछले साल जून में ही इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया है लेकिन वो दुनियाभर की टी20 लीग खेल रहे हैं. फिलहाल ऐसा होना मुमकिन नजर नहीं आ रहा है. ऐसा हम क्यों कह रहे हैं आइए आपको भी बताते हैं. 

क्या पूरन की होगी वेस्टइंडीज क्रिकेट में वापसी?

वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड निकोलस पूरन के संपर्क में है और इस बात की जानकारी खुद क्रिकेट वेस्टइंडीज के डायरेक्टर माइकल्स बॉस्कॉब ने शनिवार को WESN TV से बात करते हुए दी है. उन्होंने बताया कि, “हमने हर अच्छी कोशिश की है कि इस बार वेस्टइंडीज के लिए अच्छे खिलाड़ी खेलें. इसके लिए हमने पूरन से बात भी की है. अगले साल टी20 विश्व कप आने वाला था ये उन्हें पता था और रिटायरमेंट का फैसला भी जानकारी में ही लिया गया है. उन्होंने हाल ही में कहा था कि वो अपने रिटायरमेंट के फैसले से खुश हैं. तो लगता है कि वो वापसी नहीं करना चाहते हैं.”

पोलार्ड-ब्रावो को बड़ी जिम्मेदारी देना चाहता है बोर्ड

निकोलस पूरन की वापसी के साथ-साथ क्रिकेट वेस्टइंडीज ये भी चाहता है कि किरोन पोलार्ड और ड्वेन ब्रावो जैसे दिग्गज भी टीम मैनेजमेंट के साथ जुड़ें. हालांकि, ये दोनों खिलाड़ी अपने शेड्यूल में इतना व्यस्त हैं कि ऐसा हो पाना मुमकिन नहीं दिख रहा है. बोर्ड की तरफ से उनकी उपलब्धता पूछी डरूर गई है लेकिन इस मामले में बात बनना मुश्किल है.

वेस्टइंडीज की तरफ से अभी तक टी20 विश्व कप के लिए टीम का ऐलान नहीं किया गया है. टीम इस महीने अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज खेलने की तैयारी कर रही है, जिसके खत्म होने के बाद बोर्ड की तरफ से विश्व कप के लिए भी स्क्वॉड का ऐलान कर दिया जाएगा.

ये भी पढ़िए- WPL 2026: हरमनप्रीत कौर ने रच डाला इतिहास, टूर्नामेंट में ऐसा करने वालीं बनीं पहली खिलाड़ी