Adithya Ashok

कौन हैं आदित्य अशोक? जिन्हें न्यूजीलैंड की वनडे टीम में मिला मौका, भारत से है खास कनेक्शन

Who is Adithya Ashok: न्यूजीलैंड क्रिकेट ने साल 2025-26 के लिए अपने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट का ऐलान कर दिया है, जिसमें आदित्य अशोक को जगह दी गई है. अशोक को भारत के खिलाफ 11 जनवरी से शुरू होने वाले तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भी न्यूजीलैंड टीम में शामिल किया गया है. उन्होंने हाल ही में न्यूजीलैंड ए की ओर से खेलते हुए बांग्लादेश ए के खिलाफ 5 विकेट चटकाए थे. अब वो भारत के खिलाफ मैदान पर उतरने वाले हैं. तो चलिए जानते हैं कौन हैं आदित्य अशोक और उनका भारत से क्या कनेक्शन है?

कौन हैं आदित्य अशोक?

आदित्य अशोक का जन्म 5 सितंबर 2002 को तमिलनाडु के वेल्लोर में हुआ था. महज 4 साल की उम्र में अशोक 2026 में अपने परिवार के साथ न्यूजीलैंड के ऑकलैंड शहर शिफ्ट हो गए. उन्हें बचपन से ही क्रिकेट का जुनून था और उन्होंने ऑकलैंड के माउंट अल्बर्ट ग्रामर स्कूल से अपने क्रिकेटर के करियर की शुरुआत की थी. 17 साल की उम्र में उन्हें न्यूजीलैंड की अंडर-19 टीम में जगह मिली. उन्होंने साउथ अफ्रीका में आयोजित अंडर-19 वर्ल्ड कप में खेले 5 मैचों शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट अपने नाम किए.

23 साल के लेग स्पिनर ने 20 अगस्त 2023 को यूएई के खिलाफ न्यूजीलैंड के लिए टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया था. इसके बाद उन्होंने 20 दिसंबर 2023 को बांग्लादेश के खिलाफ अपना वनडे डेब्यू किया था. अशोक न्यूजीलैंड के लिए अब तक 2 वनडे और 1 टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में 2 विकेट हासिल किए हैं. हाल ही में उन्होंने न्यूजीलैंड ए की तरफ से खेलते हुए बांग्लादेश ए के खिलाफ टेस्ट मैच की चौथी पारी में 5 विकेट लेकर अपनी टीम को शानदार जीत दिलाई थी.

रजनीकांत के हैं बहुत बड़े फैन

न्यूजीलैंड के लेग स्पिनर आदित्य अशोक भारतीय सुपरस्टार रजनीकांत के बहुत बडे़ फैन हैं. “एन वजी थानी वजी” यानी मेरा रास्ता अनोखा है, ये रजनीकांत का मशहूर डायलॉग है, जो उनकी 1999 की ब्लॉकबस्टर फिल्म पदायप्पा में सुनने को मिला था. ये डायलॉग आज भी इतना पॉपुलर है कि पिछले दिसंबर जब रजनीकांत के जन्मदिन पर फिल्म दोबारा रिलीज हुई, तो कई सिनेमाघरों में फैंस ने इस सीन को फिर से चलाने की मांग कर दी. अशोक को ये डायलॉग इतना पसंद है कि उन्होंने इसे अपनी बॉलिंग वाली बांह पर तमिल में बड़े अक्षरों में टैटू के रूप में गुदवा लिया है.

हालांकि, आदित्य ने ये टैटू सिर्फ रजनीकांत के फैन होने की वजह से नहीं बनवाया है, बल्कि इसके पीछे उनके दादाजी की याद भी है. दरअसल, पदायप्पा आखिरी फिल्म थी जो उन्होंने वेल्लोर में अपने दादाजी के साथ देखी थी. उस पल को याद करते हुए आदित्य ने बताया, “मुझे याद है कि उस दौरान हमारी काफी बातें हुई थीं. उन्होंने ज़िंदगी, इंसान के मूल्यों और नैतिकताओं को लेकर ऐसी बातें बताई थीं, जो आज भी मेरे लिए बहुत मायने रखती हैं.”

चेन्नई सुपर किंग्स एकेडमी में ले चुके हैं ट्रेनिंग

न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के साथ आदित्य अशोक का यह भले ही भारत का पहला दौरा है, लेकिन वह इससे पहले भी भारत आ चुके हैं. अशोक ने पिछले जुलाई में चेन्नई में स्थित चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) एकेडमी में ट्रेनिंग ली थी. साल 2023 में इंटरनेशनल डेब्यू करने वाले अशोक पीठ की गंभीर चोट के चलते एक साल से ज्यादा समय तक टीम से बाहर रहे. हालांकि, अब उन्हें फिर से टीम में शामिल कर लिया गया है और उनके लिए भारत दौरा खुद को साबित करने का बड़ा मौका होगा. वह न्यूजीलैंड के उभरते खिलाड़ियों में से एक हैं और उन्हें भविष्य का स्टार प्लेयर भी माना जा रहा है.

न्यूजीलैंड सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट 2025-26 में शामिल खिलाड़ी

मुहम्मद अब्बास, आदित्य अशोक, टॉम ब्लंडेल, माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, जैकब डफी, जैक फॉल्क्स, मिच हे, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, टॉम लैथम, डेरिल मिशेल, हेनरी निकोल्स, विलियम ओरूर्के, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, मिशेल सेंटनर, बेन सियर्स, नाथन स्मिथ, विल यंग.

ये भी पढ़ें- WPL 2026 का आज होगा धमाकेदार आगाज, जानें कितने शुरू होगी ओपनिंग सेरेमनी और कौन-कौन से सितारे लगाएंगे चार चांद