U19 World Cup 2026, Who is Henil Patel: भारतीय टीम ने अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में अपने अभियान की शुरुआत धमाकेदार अंदाज में किया. आयुष म्हात्रे की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने गुरुवार (15 जनवरी) को टूर्नामेंट के पहले मैच में USA को सिर्फ 107 रनों पर ही समेट दिया. इस मुकाबले में भारतीय गेंदबाज हेनिल पटेल ने कमाल की गेंदबाजी की और 5 विकेट लेकर अमेरिकी बैटिंग लाइनअप को तहस-नहस कर दिया. तो चलिए जानते हैं कौन हैं हेनिल पटेल, जिन्होंने अपनी घातक गेंदबाजी से क्रिकेट जगत में तहलका मचा दिया है.
हेनिल पटेल ने USA के खिलाफ झटके 5 विकेट
अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में USA के खिलाफ मुकाबले में भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यूएसए की टीम को सिर्फ 107 रनों पर ऑलआउट कर दिया. भारत के लिए हेनिल पटेल ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट हॉल अपने नाम किया.
18 साल के हेनिल ने सबसे पहले अमरिंदर गिल को आउट करके भारत को पहला ब्रेकथ्रू दिलाया. इसके बाद, उन्होंने अर्जुन महेश और यूएसए के कप्तान उत्कर्ष श्रीवास्तव को पवेलियन भेज दिया. फिर उन्होंने सबरीश प्रसाद और ऋषभ शिम्पी को अपना शिकार बनाया. हेनिल ने इस मैच में 7 ओवर में 16 रन देकर 5 विकेट चटकाए.
कौन हैं हेनिल पटेल?
हेनिल पटेल का जन्म 28 फरवरी 2007 को गुजरात के वलसाड में हुआ था. हेनिल एक ऑलराउंडर खिलाड़ी हैं, जो दाएं हाथ से बल्लेबाजी और दाएं हाथ से मध्यम तेज गेंदबाजी करते हैं. वह भारतीय अंडर-19 और इंडिया ए अंडर-19 टीमों के लिए खेल चुके हैं और अपने शानदार प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया है. हेनिल ने बेहद कम उम्र में ही क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया था और उनके पिता ने उन्हें क्रिकेट से अवगत कराया था.
उन्होंने कई लोकर टूर्नामेंटों में शानदार प्रदर्शन करके गुजरात अंडर-19 के चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा, जिसके बाद उन्हें गुजरात अंडर-19 टीम में खेलना का मौका मिला. इसके बाद उन्होंने यूथ इंटरनेशनल में शानदार डेब्यू किया और वह भारत के लिए युवा टेस्ट, वनडे और T20 फॉर्मेट में खेल चुके हैं.
Henil Patel brings up the first five-for at the #U19WorldCup 2026 in style 👌
— ICC (@ICC) January 15, 2026
Watch #USAvIND live in your region, broadcast details here ➡️ https://t.co/jKX6xmmOJQ pic.twitter.com/dEIqvf0VIo
हेनिल पटेल का क्रिकेट करियर
हेनिल के करियर की बात करें तो उन्होंने अब तक भारत के लिए तीन यूथ टेस्ट और 12 यूथ वनडे खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने कुल 28 विकेट हासिल किए हैं. वर्ल्ड कप से पहले उन्होंने पिछले महीने U19 एशिया कप में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया था और 4 मैच में पांच विकेट चटकाए थे.

