Who is Jayden Lennox: न्यूजीलैंड ने 14 जनवरी को भारत के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में 31 साल के बाएं हाथ के स्पिनर जेडन लेनोक्स को इंटरनेशनल डेब्यू का मौका दिया है. राजकोट में खेले जा रहे इस मैच में कीवी टीम जीत हासिल कर तीन मैचों की सीरीज में बराबरी करने उतरी है और इस अहम मुकाबले के लिए लेनोक्स को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया है. उन्हें चोटिल मिचेल सैंटनर की जगह टीम में शामिल किया गया है.
हालांकि, लेनोक्स को यह मौका अचानक नहीं, बल्कि न्यूजीलैंड के घरेलू क्रिकेट में करीब एक दशक तक लगातार शानदार प्रदर्शन करने के बाद मिला है. वह अब तक अपने करियर में 170 से ज्यादा विकेट हासिल कर चुके हैं, जिसका उन्हें अब इनाम मिला है. तो चलिए जानते हैं कौन हैं जेडन लेनोक्स और उनका क्रिकेट करियर.
कौन हैं जेडन लेनोक्स?
जेडन लेनोक्स का जन्म 14 दिसंबर 1994 को हॉक्स बे के नेपियर में हुआ था. लेनोक्स एक क्लासिक स्लो लेफ्ट आर्म ऑर्थोडॉक्स स्पिनर हैं, जो अपनी सटीक लाइन-लेंथ और स्पीड में बदलाव के लिए जाने जाते हैं. वह लंबे समय से सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स के भरोसेमंद खिलाड़ी रहे हैं. हाल ही में वह 2025-26 फोर्ड ट्रॉफी में सेंट्रल स्टैग्स के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी रहे थे.
लेनोक्स भले ही मुख्य तौर पर गेंदबाज हों, लेकिन निचले क्रम में अहम रन जोड़ सकते हैं और फील्डिंग में भी काफी भरोसेमंद माने जाते हैं. इतना ही नहीं, लेनोक्स कप्तानी का अनुभव भी रखते हैं. उन्होंने फोर्ड ट्रॉफी और सुपर स्मैश दोनों में स्टैग्स की अगुआई की है.
जेडन लेनोक्स का क्रिकेट करियर
जेडन लेनोक्स का लिस्ट-ए क्रिकेट में अच्छा खासा अनुभव है. साल 2019 में लिस्ट ए में डेब्यू करने वाले लेनोक्स ने अब तक 54 मुकाबले खेले हैं और 31.63 की औसत से 69 विकेट अपने नाम किए हैं. साथ ही उन्होंने बल्ले से 224 रन बनाए हैं. वहीं, लेनोक्स अब तक खेले 21 फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 48 विकेट चटकाए और 390 रन बनाए हैं. इसके अलावा, 45 टी20 मैचों में 60 विकेट लिए और 68 रन बनाए हैं.
इसी दमदार प्रदर्शन के बाद लेनोक्स को इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने का मौका मिला है. अब वह शानदार प्रदर्शन करके आगामी टी20 सीरीज और भविष्य दौरे के लिए न्यूजीलैंड की टीम में अपनी जगह पक्की करना चाहेंगे.
Jayden Lennox 5/66 (21) vs Otago Volts.
— Kiwi Cricket Kōrero (@KiwiCricketChat) March 16, 2025
🎥= NZC pic.twitter.com/zhQ8syXT8c

