Kristian Clarke

IND vs NZ: कौन हैं क्रिस्टियन क्लार्क? जिन्होंने अपने दूसरे वनडे में ही रोहित और विराट को आउट कर मचाई सनसनी

IND vs NZ, Who is Kristian Clarke: राजकोट में भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जा रहा है. इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया का टॉप ऑर्डर जल्द ही ध्वस्त हो गया, जिसमें न्यूजीलैंड के युवा तेज गेंदबाज क्रिस्टियन क्लार्क ने तीन विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई.

क्लार्क ने वडोदरा में खेले गए भारत के खिलाफ पहले वनडे में ही अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था और एक विकेट लेने में कामयाब रहे थे. वहीं, अब उन्होंने अपने दूसरे वनडे मैच में ही भारत के दो दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली को आउट करके सबका ध्यान अपनी ओर खींचा है.

क्रिस्टियन ने रोहित-कोहली को आउट कर मचाई सनसनी

न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में भारतीय पारी की शुरुआत करने उतरे रोहित शर्मा और शुभमन गिल धमाकेदार बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन क्रिस्टियन क्लार्क ने रोहित को आउट कर दिया. रोहित सिर्फ 24 रन बनाकर पवेलियन लौटे. रोहित के बाद क्लार्क ने श्रेयस अय्यर को मात्र 8 रन पर आउट कर दिया. क्रिस्टियन यहीं नहीं रुके और विराट कोहली को क्लीन बोल्ड कर सनसनी मचा दी.

शानदार फॉर्म में चल रहे कोहली को क्लार्क ने सिर्फ 23 रन पर चलते कर दिया. क्रिस्टियन ने अपने पहले 6 ओवर में सिर्फ 37 रन देकर तीन बड़े भारतीय बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा और टीम इंडिया की मुश्किलें पैदा कर दी.

कौन हैं क्रिस्टियन क्लार्क?

क्रिस्टियन क्लार्क न्यूजीलैंड के एक पेस-बॉलिंग ऑलराउंडर हैं. उनका जन्म 6 मार्च 2001 को ते अवामुतु, वाइकाटो में हुआ था. वह अपनी तेज गेंदबाजी के साथ-साथ बल्ले से भी धमाल मचाने के लिए जाने जाते हैं. क्लार्क 2020 अंडर-19 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड टीम का हिस्सा रहे थे और वह टूर्नामेंट में न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे.

उन्होंने 11 जनवरी को भारत के खिलाफ पहले वनडे अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था और उस मैच में उन्होंने एक ही विकेट लिया. लेकिन दूसरे मैच में आते ही क्रिस्टियन ने अपनी धारदार गेंदबाजी से सबको चौंका दिया.

घरेलू क्रिकेट में शानदार रिकॉर्ड

क्रिस्टियन क्लार्क का भले ही यह दूसरा इंटरनेशनल मैच हो, लेकिन इससे पह उन्होंने घरेलू क्रिकेट में काफी शानदार प्रदर्शन किया है. उन्होंने 28 फर्स्ट क्लास मैचों में 79 विकेट चटकाए हैं. वहीं, लिस्ट-ए क्रिकेट में 35 मैचों में 53 विकेट झटके, जबकि टी20 में भी 22 मैच खेलकर 24 विकेट अपने नाम किए हैं.

ये भी पढ़ें- WPL 2026: पहली जीत की तलाश में उतरेगी DC और UPW, जानें कहां देख पाएंगे लाइव मैच