Arron Jones

कौन हैं USA के क्रिकेटर आरोन जोंस? जिन पर मैच फिक्सिंग के आरोप में ICC ने लगाया ‘बैन’, जानें पूरा मामला

Who is Arron Jones: भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में 7 फरवरी से ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज होना है. लेकिन इससे पहले USA की क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने यूएसए के धाकड़ बल्लेबाज आरोन जोंस पर अस्थायी रूप से प्रतिबंध लगा दिया है.

जोंस पर मैच फिक्सिंग और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे हैं, जिसपर कड़ा एक्शन लेते हुए आईसीसी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से क्रिकेट के सभी फॉर्मेट में खेलने से सस्पेंड कर दिया है. जोंस 2024 टी20 वर्ल्ड कप में USA टीम का हिस्सा थे और उन्हें टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भी टीम में चुना गया है.

आरोन जोंस पर लगे हैं ये आरोप

ICC ने 29 जनवरी को एक बयान जारी कर बताया कि USA के खिलाड़ी आरोन जोंस पर क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) और आईसीसी के एंटी-करप्शन कोड के 5 उल्लंघनों का आरोप लगे हैं. इनमें से तीन आरोप मुख्य रूप से बारबाडोस में होने वाली BIM-10 लीग के 2023-24 में सीजन से जुड़े हैं, जबकि दो अन्य आरोप अंतरराष्ट्रीय मैचों से जुड़े हैं. ICC ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

33 साल के जोंस को तुरंत प्रभाव से सभी क्रिकेट मैचों से अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है और उन्हें इन आरोपों पर जवाब देने के लिए 28 जनवरी 2026 से 14 दिन का समय दिया गया है. जोंस अमेरिका के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में गिने जाते हैं और टी20 वर्ल्ड कप से पहले उनका सस्पेंड होना टीम के लिए बड़ा झटका है.

कौन हैं आरोन जोंस?

आरोन जोंस का जन्म 19 अक्टूबर, 1994 को न्यूयॉर्क के क्वींस शहर में हुआ था. साल 2019 में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने वाले जोंस ने अब तक USA के लिए 48 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं, जिनकी 43 पारियों में उन्होंने 24.06 की औसत और 114 के स्ट्राइक रेट से 770 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 2 अर्धशतक निकले हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 94* रन रहा है.

वहीं, वनडे क्रिकेट में जोंस ने USA के लिए 52 मैच खेले हैं और 33.95 की औसत से 1664 रन बनाए हैं. इस दौरान उन्होंने एक शतक और 11 अर्धशतक लगाए हैं. जोंस 2024 टी20 वर्ल्ड कप 2024 में USA टीम का हिस्सा थे और उन्होंने टीम को सुपर 8 में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी. वह लंबे-लंबे छक्के लगाने के लिए जाने जाते हैं और उन्होंने आखिरी इंटरनेशनल मैच अप्रैल 2025 में खेला था.

ये भी पढ़ें- PAK vs AUS: पहले टी20 के लिए ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग 11 का ऐलान, ट्रेविस हेड को मिली कप्तानी, ये 3 करेंगे डेब्यू