WPL 2026, DC vs MI Match Preview: महिला प्रीमियर लीग 2026 का 13वां मुकाबला मंगलवार, 20 जनवरी को दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला जाएगा. दोनों टीमें कोटांबी के वडोदरा इंटरनेशनल स्टेडियम में एक-दूसरे से भिड़ेंगी. प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए यह मैच दोनों ही टीमों के लिए बेहद अहम है.
एक तरफ जेमिमा रोड्रिग्स की कप्तानी वाली दिल्ली की टीम MI को हारकर अपनी हार की लय को तोड़ना चाहेगी, तो वहीं हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली मुंबई की टीम जीत की पटरी पर लौटना चाहेगी. मैच से पहले आइए जानते हैं दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग XI, हेड टू हेड और लाइव स्ट्रीमिंग की पूरी डिटेल्स.
WPL 2026 में दूसरी बार होगी भिड़ंत
WPL के मौजूदा सीजन में दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस की टीमें दूसरी बार आमने-सामने होंगी. पिछली बार जब इन दोनों टीमों की टक्कर हुई थी तब मुंबई की टीम ने 50 रनों से शानदार जीत दर्ज की थी. उस मैच में मुंबई ने पहले बैटिंग करते हुए 195 रन बनाए थे, जिसके जवाब में दिल्ली की टीम 19 ओवर में 145 रन पर ऑलआउट हो गई थी.
ऐसे में दिल्ली की टीम इस मैच में MI से अपनी पिछली हार का बदला लेने के इरादे से मैदान पर उतरेगी, जबकि मुंबई की टीम एक बार फिर DC को मात देकर अपनी हार का सिलसिला तोड़ना चाहेगी. वहीं, इस मुकाबले से पहले मुंबई इंडियंस को बड़ा झटका लगा है. टीम की स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज जी कमलिनी चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं. उनकी जगह वैष्णवी शर्मा को टीम में शामिल किया गया है.
प्लेऑफ की रेस में बने रहने की जंग
WPL 2026 के पॉइटंस टेबल की बात करें तो मुंबई इंडियंस 4 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर बनी हुई है. मुंबई ने अब तक खेले 5 मैचों में 2 में जीते और 3 में हारे हैं. टीम को पिछले दो मैच हार झेलनी पड़ी है. वहीं, दिल्ली कैपिटल्स का इस सीजन में अब तक का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है. टीम ने 4 मुकाबलों में सिर्फ एक जीत दर्ज की है और वह पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे 5वें स्थान पर मौजूद है. ऐसे में दोनों टीमें इस मुकाबले में जीत हासिल कर प्लेऑफ की रेस में अपनी उम्मीदों को जिंदा रखना चाहेगी.
DC vs MI हेड टू हेड रिकॉर्ड
दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच हेड टू हेड रिकॉर्ड की बात करें तो WPL के इतिहास में दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 9 मुकाबले खेले जा चुके हैं. इसमें से 5 मैच MI ने जीते हैं, जबकि DC ने 4 मैचों में बाजी मारी है. आंकड़ों के मुताबिक, दोनों टीमों के बीच मुकाबला हमेशा टक्कर वाला रहा है.
- कुल – 09
- मुंबई इंडियंस – 05
- दिल्ली कैपिटल्स – 04
पिच और वेदर रिपोर्ट
दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच WPL 2026 का 13वां मुकाबला वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मैदान पर यह इस सीजन का दूसरा टी20 मैच होगा. यहां की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जा रही है और गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आती है. ऐसे में हाई-स्कोरिंग मैच की उम्मीद है. वहीं, मौसम की बात करें तो वडोदरा में आसमान साफ रहेगा और बारिश की कोई असार नहीं हैं. यहां दिन में तापमान करीब 28 डिग्री और रात में 16 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है.
कब और कहां देखें लाइव?
दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच यह मुकाबला भारतीय समय अनुसार शाम 7:30 बजे से शुरू होगा. इसके आधे घंटे पहले यानी 7 बजे टॉस होगा. भारतीय क्रिकेट फैंस इस मुकाबले को टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स देख सकते हैं. इसके अलावा, फैंस JioHotstar ऐप और वेबसाइट पर मैच की लाइव स्ट्रीमिंग का मजा उठा सकते हैं.
DC vs MI: दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग XI
दिल्ली कैपिटल्स: शेफाली वर्मा, लिजेल ली (विकेटकीपर), लौरा वोल्वार्ट, जेमिमा रोड्रिग्स (कप्तान), मैरिज़ान कैप, निकी प्रसाद, शिनेल हेनरी, स्नेह राणा, मिन्नू मणि, श्री चरणी, नंदनी शर्मा.
मुंबई इंडियंस: हेली मैथ्यूज, अमेलिया कर, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), निकोला कैरी, वैष्णवी शर्मा (विकेटकीपर), सजीवन सजना, अमनजोत कौर, पूनम खेमनर, शबनम इस्माइल, संस्कृति गुप्ता, त्रिवेणी वशिष्ठ.

