WPL 2026, DC vs MI

WPL 2026: जेमिमा रोड्रिग्स ने शानदार अर्धशतक ठोक दिल्ली को दिलाई जीत, मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से चटाई धूल

WPL 2026, DC vs MI: महिला प्रीमियर लीग 2026 का 13वां मैच मंगलवार, 20 जनवरी को दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला गया. इस मुकाबले में दिल्ली ने मुंबई को 7 विकेट से करारी मात दी. वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में पहले बैटिंग करते हुए मुंबई की टीम ने 155 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे दिल्ली की टीम ने कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स के शानदार अर्धशतक के दम पर 19 ओवर में ही हासिल कर मैच जीत लिया. जेमिमा ने 37 गेंदों पर नाबाद 51 रनों की पारी खेली. यह दिल्ली की इस सीजन दूसरी जीत रही, जबकी मुंबई इंडियंस की लगातार तीसरी हार झेलनी पड़ी.

जेमिमा रोड्रिग्स ने खेली कप्तानी पारी

155 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स टीम को शेफाली वर्मा और लिजेल ली ने दमदार शुरुआत दिलाई और दोनों ने मिलकर 63 रनों की ओपनिंग साझेदारी की. शेफाली 29 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि लिजेल ने 28 गेंदों में 46 रनों की पारी खेली, जिसमें उन्होंने 7 चौके और एक छक्का लगाया. वहीं, लौरा वोल्वाड्ट 17 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं. इसके बाद कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स ने मोर्चा संभाला और शानदार अर्धशतक जड़ते हुए दिल्ली को जीत दिला दी. जेमिमा ने 37 गेंदों पर 5 चौके और 1 छक्के की मदद से 51 रनों की नाबाद पारी खेली.

वहीं, मैरिज़ेन कप्प 10 रन बनाकर नाबाद रहीं. दिल्ली ने 19 ओवर में 3 विकेट पर 155 रन बनाकर मैच 7 विकेट से अपने नाम कर लिया. यह दिल्ली की इस सीजन में 5 मैचों में दूसरी जीत है. इसी जीत के साथ ही दिल्ली की टीम 4 अंकों के साथ चौथे नंबर पर आ गई है और प्लेऑफ की रेस में खुद को जिंदा रखा है.

नेट साइवर ब्रंट की पारी गई बेकार

इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम को 21 रन के स्कोर पर दो बड़े झटके लगे. ओपनर सजीवन सजना सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हो गईं. वहीं, हेली मैथ्यूज भी सिर्फ 12 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं. हालांकि, इसके बाद नेट साइवर-ब्रंट और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पारी को संभाला और तीसरे विकेट के लिए 78 रनों की साझेदारी की.

हरमनप्रीत ने 33 गेंदों में 7 चौकों की मदद से 41 रनों की पारी खेली, जबकि नेट साइवर-ब्रंट ने शानदार अर्धशतक लगाते हुए 42 गेंदों में 59 रन बनाए. उनकी इस पारी में 5 चौके और 2 छक्के शामिल थे. इन दोनों की बदौलत मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 154 रन का स्कोर खड़ा किया. वहीं, दिल्ली कैपिटल्स की ओर से श्री चरणी सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके. वहीं, मारिजाने कैप और नंदिनी शर्मा को भी 1-1 विकेट मिला.

ये भी पढ़ें- कौन हैं दीया यादव? जिन्होंने सिर्फ 16 साल की उम्र में WPL में डेब्यू कर रच दिया इतिहास