Lizelle Lee fined for Code of Conduct breach

WPL 2026: दिल्ली कैपिटल्स की खिलाड़ी को अंपायर से भिड़ना पड़ा भारी, बोर्ड ने ठोका भारी जुर्माना

WPL 2026: विमेंस प्रीमियर लीग 2026 में दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच एक अहम मुकाबला खेला गया. इस मैच में दिल्ली की टीम ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए 7 विकेट से जीत हासिल की है. इस मैच में टीम के लिए ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करने वाली लिजेल ली के ऊपर बोर्ड की तरफ से जुर्माना ठोका गया है. बल्लेबाजी के दौरान उनको अंपायर से भिड़ना भारी पड़ गया. इस खराब बिहेवियर को कोड ऑफ कंडक्ट का ब्रीच माना गया, जिसके बाद उनके ऊपर कार्रवाई की गई है. आइए आपको भी बताते हैं कि उन्होंने ऐसा किया क्या?

लिजेल ली पर लगा 10 फीसदी मैच फीस का जुर्माना

दिल्ली की टीम बल्लेबाजी कर रही थी और टीम के लिए लिजेल ली कमाल के रंग में बल्लेबाजी कर रही थीं. तभी पारी के 11वें ओवर में वो स्टंप हो गई. मामला थोड़ा नजदीकी नजर आ रहा था और अंपायर ने फील्डिंग टीम के पक्ष में फैसला सुनाया. इस फैसले से लिजेल काफी नाराज नजर आईं और उन्होंने इस फैसले के लिए अंपायर से बहस भी की, जिसके चलते उनके ऊपर जुर्माना लगाया गया. बाद में उन्होंने भी अपनी इस गलती को माना और इस गलती के लिए उनके ऊपर मैच फीस का 10 फीसदी जुर्माना लगाया गया है. 

लिजेल कर रहीं धमाकेदार बल्लेबाजी

लिजेल ली पहली बार विमेंस प्रीमियर लीग में खेल रही हैं. दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हुए उन्होंने कमाल का प्रदर्शन भी किया है. अभी तक टूर्नामेंट में खेले 5 मैचों में उन्होंने 213 रन बनाए हैं और इस दौरान उनका औसत भी 42.60 का रहा है. अभी तक वो 2 अर्धशतक भी जड़ चुकी हैं. मुंबई के खिलाफ इस अहम मुकाबले में उन्होंने 28 गेंदों का सामना करते हुए 46 रनों की तूफानी पारी खेली थी. इस पारी में उन्होंने 7 चौके और 1 छक्का जड़ा. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 164 का रहा था.

ये भी पढ़िए- EXCLUSIVE: IPL 2026 से पहले LSG के लिए आई बुरी खबर, ऋषभ पंत की इंजरी अपडेट ने बढ़ाई टेंशन