Harmanpreet Kaur Statement after loss against RCB

‘मुझे लगता है कि आखिरी ओवर में…’, RCB से मिली करारी हार के बाद क्या बोलीं MI की कप्तान हरमनप्रीत कौर

WPL 2026: महिला प्रीमियर लीग के नए सीजन का धमाकेदार आगाज हो चुका है. टूर्नामेंट का पहला मुकाबला आरसीबी और मुंबई इंडियंस की टीम के बीच खेला गया. आखिरी ओवर तक चले इस इस रोमांचक मुकाबले में आरसीबी ने 3 विकेट से शानदार जीत हासिल की. आरसीबी के लिए नादिन डी क्लार्क तुरुप का इक्का साबित हुईं. आखिरी ओवर में टीम को जीत के लिए 18 रनों की दरकार थी और पहली 2 बॉल पर एक रन भी नहीं बन पाया. इसके बाद डी क्लार्क ने आखिरी 4 गेंदों पर चौकों छक्कों की बौछार कर टीम को इस सीजन की पहली जीत दिलाई. मुंबई की कप्तान हरमनप्रीत कौर इस हार से काफी निराश नजर आईं. उन्होंने इस हार के लिए क्या वजह बताई है आइए आपको भी बताते हैं….

हार के बाद निराश दिखी कप्तान हरमनप्रीत

मुंबई इंडियंस की कप्तान हरमनप्रीत कौर आरसीबी से मिली आखिरी ओवर में हार के बाद हताश दिखी. नादिन डी क्लार्क की ताबड़तोड़ पारी के आगे मुंबई की पूरी मेहनत धरी की धरी रह गई. इस हार को लेकर कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा, “हमें पता है कि नादिन डी क्लार्क के पास वो क्षमता है कि वो आखिरी ओवर में कितने भी रन बना सकती हैं. मुझे लगता है कि आखिरी ओवर में हमे महज एक अच्छी गेंद की जरूरत थी जो कि हम नहीं कर पाए. कभी-कभी ऐसा होता है. हमने उन्हें 2-3 मौके दिए और जब आप ऐसा करते हो तो खिलाड़ी अच्छे माइंडसेट से आता है. हमारे पास कुछ मौके थे लेकिन हमने उन्हें गंवा दिया.”

नादिन डी क्लार्क ने गेंद और बल्ले से मचाया कोहराम

साउथ अफ्रीका की स्टार ऑलराउंडर नादिन डी क्लार्क ने विमेंस प्रीमियर लीग 2026 के पहले ही मैच में अपनी छाप छोड़ दी है. उन्होंने इस मैच में गेंदबाजी के साथ-साथ बल्लेबाजी में मुंबई की टीम को आड़े हाथों लिया. आरसीबी के लिए पहले गेंदबाजी करते हुए उन्होंने 4 ओवर डाले, जिसमें उन्होंने महज 26 रन खर्च करते हुए 4 विकेट अपने नाम किए. इसके बाद वो टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने बल्लेबाज भी बनीं. उन्होंने 44 गेंदों का सामना करते हुए 63 रन बनाए. इस कमाल के प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के खिताब से भी नवाजा गया है.

ये भी पढ़िए- IND vs NZ 1st ODI Live Streaming: फ्री में कब, कहां और कैसे देखें भारत-न्यूजीलैंड पहला वनडे मैच? जानें लाइव की पूरी डिटेल्स