WPL 2026

WPL 2026 का आज होगा धमाकेदार आगाज, जानें कितने शुरू होगी ओपनिंग सेरेमनी और कौन-कौन से सितारे लगाएंगे चार चांद

WPL 2026 Opening Ceremony: महिला क्रिकेट का महाकुंभ यानी महिला प्रीमियर लीग (WPL) एक बार फिर अपने धमाकेदार अंदाज में लौटने के लिए तैयार है. WPL 2026 का आगाज आज यानी 9 जनवरी को होने जा रहा है, जिसका फाइनल मुकाबला 5 फरवरी को खेला जाएगा. इस लीग में दुनिया भर की स्टार महिला क्रिकेटर अपना जलवा बिखेरती नजर आएंगी.

वहीं, नए सीजन की शुरुआत से पहले फैंस के लिए एक शानदार ओपनिंग सेरेमनी रखी गई है, जिसमें बॉलीवुड म्यूजिक और ग्लैमर का जबरदस्त तड़का देखने को मिलने वाला है. तो चलिए जानते हैं कितने बजे शुरू होगी ओपनिंग सेरेमनी और कौन-कौन से सितारे धमाल मचाएंगे.

WPL 2026 की ओपनिंग सेरेमनी कब और कहां होगी?

महिला प्रीमियर लीग 2026 की ओपनिंग सेरेमनी शुक्रवार, 9 जनवरी को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में होगी. इस भव्य आयोजन की शुरुआत भारतीय समयानुसार शाम 6:45 बजे होगी, जिसमें कई बॉलीवुड सितारे धमाल मचाने वाले हैं. इसके बाद शाम 7:30 बजे से टूर्नामेंट का पहला मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस (MI) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच खेला जाएगा. बतौर कप्तान हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना आमने-सामने होंगी.

बॉलीवुड और म्यूजिक लगेगा तड़का

BCCI ने WPL 2026 की ओपनिंग सेरेमनी को और भी खास बनाने के लिए बड़े-बड़े सितारों को बुलाया है. फेमस रैपर और सिंगर यो-यो हनी सिंह अपने हिट गानों से स्टेडियम में एनर्जी भर देंगे. वहीं, बॉलीवुड एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडिस अपनी अदा और डांस परफॉर्मेंस से फैंस का दिल जीतेंगी. इसके अलावा, मिस यूनिवर्स 2021 हरनाज संधू भी इस खास मौके पर मौजूद रहेंगी, जिससे सेरेमनी की रौनक और बढ़ जाएगी.

कहां देख पाएंगे लाइव?

WPL 2026 की ओपनिंग सेरेमनी और मैच का लाइव टेलीकास्ट स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा. इसके अलावा, फैंस जियोहॉस्टार ऐप और वेबसाइट पर इसकी लाइव स्ट्रीमिंग का मजा उठा सकते हैं. हालांकि, ओपनिंग सेरेमनी को लाइव टेलीकास्ट किया जाएगा या नहीं, इसपर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है.

28 दिनों में होंगे कुल 22 रोमांचक मुकाबले

WPL 2026 की शुरुआत 9 जनवरी से होगी और फाइनल मुकाबला 5 फरवरी को होगा. 28 दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में कुल 22 मुकाबले खेले जाएंगे. शुरुआती मुकाबले नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में होंगे, जबकि लीग मैच, प्लेऑफ और फाइनल वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम में खेले जाएंगे. इस लीग में मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, दिल्ली कैपिटल्स, गुजरात जायंट्स और यूपी वॉरियर्स की टीमें हिस्सा लेंगी.

ये भी पढ़ें- WTC 2025-27 में टीम इंडिया के बचे हैं सिर्फ 9 टेस्ट मैच, जानें कब और किस टीम से होगी भिड़ंत?