WPL 2026: विमेंस प्रीमियर लीग में मुंबई इंडियंस और यूपी वॉरियर्स के बीच एक कमाल का मुकाबला देखने को मिला. इस मैच में यूपी की टीम ने 7 विकेट से जीत दर्ज करते हुए सीजन की अपनी पहली जीत हासिल कर ली है. यूपी के लिए इस मैच में हरलीन देओल ने कमाल की पारी खेलते हुए जीत को आसान बनाया. मुंबई इंडियंस की टीम ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए नेट साइवर ब्रंट के शानदार अर्धशतक के दम पर 20 ओवरों में 162 रनों का लक्ष्य रखा. जवाब में यूपी की टीम ने बिना किसी परेशानी के 18.1 ओर में ही जीत दर्ज कर ली. मेग लेनिंग की कप्तानी में टीम के लिए ये पहली जीत है.
हरलीन देओल ने पलट दी बाजी
27 साल की हरलीन देओल के लिए ये मैच बेहद ही खास रहा. यूपी के लिए खेलते हुए पिछले मैच में उनके बल्ले से रन नहीं निकल रहे थे तो टीम ने उनको रिटायर्ड आउट करा के वापस बुला लिया था. लेकिन इस मैच में वो पहली गेंद से एक अलग इरादे के साथ मैदान में उतरी थीं. उन्होंने शुरुआत से ही मैदान के हर छोर पर रन बटोरना शुरू किया. इस पारी में उन्होंने 39 गेंदों का सामना करते हुए 69 रनों की तूफानी पारी खेली. इस पारी में उन्होंने 12 बेहतरीन चौके भी जड़े. यूपी ने इस जीत के साथ ही पॉइंट्स टेबल में अपना खाता भी खोल लिया है. हालांकि, टीम अभी भी सबसे निचले पायदान पर है.
मुंबई इंडियंस को लगा तगड़ा झटका
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में मुंबई इंडियंस की टीम इस मैच में जीत हासिल कर पॉइंट्स टेबल में टॉप पर काबिज होना चाहती थी लेकिन यूपी ने टीम के सपनों पर पर पानी फेरने का काम किया. मुंबई के नाम इस सीजन 3 मैचों में से 2 में जीत तो वहीं एक में हार रही है. टीम 3 मैचों के बाद 4 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर है. 2 मैचों में 2 जीत के साथ आरसीबी की टीम टॉप पर काबिज है.

