WPL 2026, RCB vs GG

WPL 2026: RCB ने लगाई जीत की हैट्रिक, रोमांचक मुकाबले में श्रेयंका ने पंजा खोलकर गुजरात जायंट्स की निकाली हवा

WPL 2026, RCB vs GG: महिला प्रीमियर लीग 2026 के 9वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात जायंट्स को 32 रनों से हराकर सीजन में लगातार तीसरी जीत दर्ज की. नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने 183 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसके जवाब में गुजरात की टीम 150 रन पर ही ऑलआउट हो गई.

आरसीबी की ओर से श्रेयंका पाटिल ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट अपने नाम किए. इससे पहले बल्लेबाजी में राधा यादव और ऋचा घोष ने शानादर पारी खेली. इस जीत के साथ ही आरसीबी 6 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में टॉप पर कब्जा जमा लिया है.

श्रेयंका पाटिल ने गेंद से बरपाया कहर

183 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात जायंट्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही. ओपनर सोफी डिवाइन सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गईं, जबकि बेथ मूनी 14 गेंदों में 27 रन बनाकर श्रेयंका पाटिल का शिकार बन गईं. वहीं, कनिका आहूजा भी ज्यादा देर टिक नहीं सकीं और 14 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं. कप्तान एश्ले गार्डनर भी कुछ खास नहीं कर सकीं और महज 3 रन बनाकर चलती बनीं. गुजरात की टीम ने सिर्फ 70 रन के स्कोर पर 5 विकेट गंवा दिए थे.

इसके बाद काश्वी गौतम और भारती फुलमाली ने पारी को संभालने की कोशिश की और छठे विकेट के लिए 56 रन की साझेदारी की. काश्वी 18 रन बनाकर आउट हो गईं, जबकि भारती ने 20 गेंदों में 39 रन की तेज पारी खेली. हालांकि, उनकी ये कोशिश भी टीम को हार से नहीं बचा सकी. गुजरात की पूरी टीम 18.5 ओवर में 150 रन पर ऑलआउट हो गई. वहीं, आरसीबी की ओर से श्रेयंका पाटिल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3.5 ओवर में 23 रन देकर 5 विकेट झटके, जबकि लॉरेन बेल ने 29 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए.

राधा यादव-ऋचा घोष ने खेली तूफानी पारी

इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी RCB की शुरुआत बेहद खराब रही. टीम ने सिर्फ 43 रन पर ही 4 विकेट गंवा दिए थे. ग्रेस हैरिस (17), कप्तान स्मृति मंधाना (5), दयालन हेमलता (4) और गौतमी नाइक (9) सस्ते में आउट हो गईं. हालांकि, इसके बाद राधा यादव और ऋचा घोष ने पारी को संभाला और पांचवें विकेट के लिए शानदार साझेदारी की. दोनों ने मिलकर 66 गेंदों में 105 रन जोड़ दिए और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया.

आरसीबी के लिए राधा ने सबसे ज्यादा 47 गेंदों पर 66 रनों की पारी खेली, जिसमें उन्होंने 6 चौके और 3 छक्के जड़े. वहीं ऋचा ने 28 गेंदों में 4 चौके और 2 छक्कों की मदद से 44 रन बनाए. वहीं, आखिरी ओवरों में नादिन डी क्लर्क ने भी सिर्फ 12 गेंदों में 26 रन ठोक दिए. इन पारियों की बदौलत आरसीबी ने 7 विकेट पर 182 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया. वहीं, गुजरात की ओर से सोफी डिवाइन 3 विकेट झटके. वहीं, केशवी गौतम को 2 विकेट लिए, जबकि रेणुका सिंह ठाकुर और जॉर्जिया वेयरहैम ने 1-1 विकेट हासिल किया.

ये भी पढ़ें- IND vs NZ: T20 सीरीज के लिए भारत के स्क्वॉड में हुआ बड़ा बदलाव, श्रेयस अय्यर और रवि बिश्नोई की हुई एंट्री