WPL 2026: विमेंस प्रीमियर लीग 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात जायंट्स को एक बार फिर से एकतरफा मुकाबले में हरा दिया है. आरसीबी के लिए ये इस सीजन की लगातार 5वीं जीत रही. टीम ने अभी तक स्मृति मंधाना की कप्तानी में एक भी मैच नहीं हारा है. पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 178 रनों का स्कोर खड़ा किया. इसके जवाब में गुजरात की टीम 20 ओवरों में महज 117 रन ही बना पाई. कप्तान एशले गार्डनर को छोड़ दें तो उनके अलावा कोई और बल्लेबाज क्रीज पर टिक नहीं पाया, जिसके चलते टीम को 61 रनों की करारी हार का सामना करना पड़ा. गार्डनर ने 43 गेंदों में 54 रनों की पारी खेली.
UNSTOPPABLE! 💥
— Star Sports (@StarSportsIndia) January 19, 2026
5 wins on the trot and #RCB walk into the TATA WPL Playoffs with utmost authority! 2nd title loading? 🤔
Next on #TATAWPL 👉 #DCvMI | TUE, 20th JAN, 6:30 PM pic.twitter.com/LOdonO7ubT
गौतमी नाईक ने खेली शानदार पारी
आरसीबी के लिए इस मैच में गौतमी नाईक ने कमाल की बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया. उन्होंने 55 गेंदों का सामना करते हुए 73 रनों की बेहतरीन पारी खेली. इस दौरान उन्होंने 7 चौके और 1 छक्का जड़ा है, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 132 का रहा. उनके इस धमाकेदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के खिताब से भी नवाजा गया. उनकी इस पारी के दम पर टीम ने सीजन की लगातार 5वीं जीत हासिल की और प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली है.
प्लेऑफ में क्वालीफाई करने वाली पहली टीम
आरसीबी इस सीजन प्लेऑफ में क्वालीफाई करने वाली पहली टीम बन गई है. टीम ने अभी तक खेले 5 मैचों में जीत हासिल करते हुए 10 अंक अर्जित किए हैं. इसके अलावा इस सीजन कोई और टीम 2 मैच से ज्यादा नहीं जीत पाए हैं. गुजरात की टीम के लिए ये इस सीजन की तीसरी हार रही है. टीम ने अभी तक 5 मैचों में 2 जीत दर्ज की हैं तो वहीं 3 मैचों में हार का सामना किया है. आरसीबी पॉइंट्स टेबल में टॉप पर है और गुजरात चौथे पायदान पर है. अगर अब गुजरात की टीम को प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की करनी है तो बचे हुए मैचों में दमदार खेल दिखाना होगा.

