WPL 2026, UPW vs MI

WPL 2026: मेग लैनिंग-फीबी लिचफील्ड के बल्ले से मचाई तबाही, UP वॉरियर्स ने लगातार दूसरी बार मंबई इंडियंस को चटाई धूल

WPL 2026, UPW vs MI: महिला प्रीमियर लीग 2026 का 10वां मुकाबला शनिवार को यूपी वॉरियर्स और मुंबई इंडियंस के बीच नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला गया. इस मुकाबले में मेग लैनिंग की कप्तानी वाली यूपी वॉरियर्स ने हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली मुंबई इंडियंस को 22 रनों से मात दी.

इस मैच में पहले बैटिंग करते हुए यूपी की टीम ने 188 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसके जवाब में मुंबई की टीम 165 रन ही बना सकी. इसी के साथ यूपी की टीम ने इस सीजन में लगातार दूसरी बार MI की टीम को हराया.

लैनिंग और लिचफील्ड ने बल्ले से मचाया धमाल

इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था. इसके बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी यूपी वॉरियर्स की टीम को कप्तान मेग लैनिंग ने शानदार शुरुआत दिलाई. उन्होंने 45 गेंदों में 11 चौके और 2 छक्कों की मदद से 70 रन की शानदार पारी खेली. उनके साथ फीबी लिचफील्ड ने भी अपने बल्ले का कमाल दिखाया और 37 गेंदों में 7 चौके व 3 छक्के लगाते हुए 61 रन बनाए.

इन दोनों की तूफानी पारियों के दम पर यूपी वॉरियर्स ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 188 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया. लैनिंग और लिचफील्ड के अलावा, यूपी के लिए हरलीन देओल ने 25 रन और क्लोई ट्रायोल ने 21 रन बनाए.

अमेलिया केर की मेहनत गई बेकार

188 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने सिर्फ 44 रन पर तीन गंवा दिए. हेली मैथ्यूज (13), सजीवन सजना (10) और नैट साइवर ब्रंट (15) सस्ते में ही आउट हो गईं. वहीं, कप्तान हरमनप्रीत कौर भी सिर्फ 18 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं. हालांकि, मुंबई इंडियंस की स्टार ऑलराउंडर अमेलिया केर ने इस मैच में गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन उन्हें टीम का साथ नहीं मिला.

अमेलिया ने 4 ओवर में सिर्फ 28 रन देकर 3 विकेट लिए और बल्लेबाजी करते हुए 28 गेंदों पर नाबाद 49 रन बनाए. वहीं, अमनजोत कौर ने भी 24 गेंदों में 41 रन बनाए, साथ ही गेंद से 1 विकेट भी लिया. इसके बावजूद, मुंबई की टीम 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 165 रन ही बना सकी और 22 रनों से मैच हार गई.

ये भी पढ़ें- T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए इटली ने किया टीम का ऐलान, 42 साल के खिलाड़ी को सौंपी कप्तानी