WPL 2026, MI vs UPW: महिला प्रीमियर लीग 2026 के 8वें मुकाबले में यूपी वॉरियर्स ने मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से हरा दिया. नवी मुंबई में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में मुंबई की टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 162 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे यूपी की टीम ने 18.1 ओवर में ही 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया. यूपी की इस जीत की हीरो हरलीन देओल रही, जिन्होंने नाबाद 64 रनों की तूफानी पारी खेली. इसी के साथ यूपी की टीम ने सीजन की पहली जीत दर्ज की और पॉइंट्स टेबल में अपना खाता खोल लिया.
हरलीन देओल ने दिलाई UP वॉरियर्स को पहली जीत
162 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूपी वॉरियर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और कप्तान मेग लैनिंग 25 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं. इसके बाद किरण नवगिरे भी सिर्फ 10 रन बनाकर आउट हो गईं. यूपी ने 45 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे. हालांकि, इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी हरलीन देओल ने पारी को संभाला और फोएबे लिचफील्ड के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 73 रनों की साझेदारी की. लिचफील्ड 25 रन बनाकर आउट हो गईं.
लेकिन हरलीन एक छोर पर टिकी रहीं और शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्शधतक जड़ दिया. हरलीन ने 39 गेंदों में 12 चौकों के साथ नाबाद 64 रनों की तूफानी पारी खेलकर यूपी को जीत दिला दी. उनके अलावा, क्लो ट्रायोना 27 रन बनाकर नाबाद रहीं. हरलीन की शानदार पारी के दम पर यूपी की टीम ने 18.1 ओवर में 3 विकेट पर 162 रन बनाकर मैच 7 विकेट से अपने नाम कर लिया. यह यूपी वॉरियर्स की इस सीजन पहली जीत रही. इससे पहले टीम को लगातार तीन मैचों में हार का सामना करना पड़ा था.
नैट साइवर-ब्रंट की मेहनत गई बेकार
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत भी कुछ खास नहीं रही और टीम के दोनों ओपनर्स अमनजोत कौर और गुनलन कमलिनी जल्द ही पवेलियन लौट गई. गुनलन सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हो गईं, जबकि अमनजोत 38 रन बनाए. वहीं, कप्तान हरमनप्रीत कौर भी सिर्फ 16 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं. हालांकि, इसके बाद नैट साइवर-ब्रंट ने निकोला कैरी के साथ मिलाकर मुंबई की पारी को संभाला.
दोनों ने मिलकर आखिरी 7 ओवरों में तेजी से रन बटोरे और मैच का रुख ही बदल दिया. साइवर-ब्रंट ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 43 गेंदों में 65 रन बनाए, जबकि कैरी ने नाबाद 32 रन की बेहतरीन पारी खेली. इस तरह मुंबई की टीम 20 ओवर में 5 विकेट पर 161 रन ही बना सकी. वहीं, यूपी वॉरियर्स की ओर से शिखा पांडे, दीप्ति शर्मा और आशा शोभना ने 1-1 विकेट झटके.

