WPL 2026, Who is Deeya Yadav: महिला प्रीमियर लीग 2026 में मंगलवार, 20 जनवरी को दिल्ली कैपिटल्स की युवा बल्लेबाज दीया यादव ने इतिहास रच दिया. दिल्ली की कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले में हरियाणा की रहने वाली 16 साल की दीया को प्लेइंग XI में शामिल कर डेब्यू करने का मौका दिया. वहीं, दीया ने WPL में डेब्यू करने के साथ ही एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. दीया यादव अब WPL के इतिहास में डेब्यू करने वाली सबसे कम उम्र में खिलाड़ी बन गईं हैं.
दीया यादव ने रचा इतिहास
वडोदरा में दिल्ली कैपिटल्स बनाम मुंबई इंडियंस मैच से पहले दीया यादव को उनकी पहली WPL कैप सौंपी गई. दीया को मिन्नू मणि की जगह प्लेइंग XI में शामिल किया गया. महज 16 साल और 103 दिन की उम्र में दीया ने WPL में डेब्यू करने का कारनामा किया है. इसी के साथ उन्होंने मुंबई इंडियंस की जी. कमलिनी को का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने पिछले सीजन में 16 साल 213 दिन की उम्र में WPL डेब्यू किया था.
WPL में सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाली खिलाड़ी
- दीया यादव (दिल्ली कैपिटल्स) – 16 साल 103 दिन
- जी. कमलिनी (मुंबई इंडियंस) – 16 साल 213 दिन
- शबनम शकील (गुजरात जायंट्स) – 16 साल 263 दिन
- पार्शवी चोपड़ा (मुंबई इंडियंस) – 16 साल 312 दिन
- एलिस कैप्सी (दिल्ली कैपिटल्स) – 18 साल 205 दिन
कौन हैं दीया यादव?
दीया यादव का जन्म 9 अक्टूबर 2009 को हरियाणा में हुआ था. वह एक बाएं हाथ की स्पिन गेंदबाज है. दीया पहली बार साल 2023 में अंडर-15 विमेंस वन डे ट्रॉफी के दौरान सुर्खियों में आई थीं. उस टूर्नामेंट में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 96.33 की औसत से कुल 578 रन बनाए थे. इस दौरान उन्होंने तीन शतक और एक दोहरा शतक भी जड़ा. दीय ने त्रिपुरा के खिलाफ 125 गेंदों पर नाबाद 213 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली, जो इस महिला आयु-वर्ग ग्रुप में किसी भी खिलाड़ी के लिए दुर्लभ रिकॉर्ड है.
इस शानदार प्रदर्शन के बाद दीया को पिछले साल जनवरी में हरियाणा की अंडर 23 और सीनियर टीमों में जगह मिली. इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा. वह 2025-26 के घरेलू सीजन में हरियाणा के लिए नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने उतरी हैं. इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स ने दीया को WPL 2026 के मेगा ऑक्शन में 10 लाख रुपये की बेस प्राइस पर खरीदा था. इसी के साथ वह WPL में कॉन्ट्रैक्ट हासिल करने वाली सबसे युवा खिलाड़ी भी बन गईं.
दीया यादव का घरेलू क्रिकेट करियर
दीया यादव ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है. उन्होंने अब तक खेले 11 लिस्ट ए मैचों में 143 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 75.26 का रहा. वहीं, दीया ने 19 टी20 मैचों में 590 रन बनाए हैं. इस दौरान उन्होंने 4 अर्धशतक लगाए हैं. क्रिकेट की दुनिया में दीया यादव को प्यार से ‘छोटी शेफाली’ भी कहा जाता है, क्योंकि उनका बल्लेबाजी अंदाज भारतीय स्टार शेफाली वर्मा से काफी मिलता-जुलता है. दीया को भविष्य की बड़ी स्टार माना जा रहा है.

