Yuvraj Singh

‘न सम्मान मिल रहा था, न सपोर्ट…’ युवराज सिंह ने संन्यास लेने के फैसले पर किया चौंकाने वाला खुलासा

Yuvraj Singh: टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह ने जून 2019 में वनडे वर्ल्ड कप के बीच में संन्यास का ऐलान किया था. भारत को 2007 टी20 वर्ल्ड कप और 2011 वनडे वर्ल्ड कप का खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाने वाले युवराज ने अपने करियर खत्म करने के 6 साल बाद संन्यास के फैसले पर चौंकाने वाला खुलासा किया है. उन्होंने कहा कि करियर के आखिरी समय में उनके खेल पर सवाल उठ रहे थे और उन्हें सम्मान नहीं मिल रहा था. इसी कारण उन्हें क्रिकेट छोड़ने का फैसला लेना पड़ा.

युवराज सिंह ने संन्यास के फैसले पर तोड़ी चुप्पी

2011 वनडे वर्ल्ड कप जीत के हीरो रहे युवराज सिंह ने अपने संन्यास के फैसले पर बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि उस समय उन्हें खेलना अच्छा नहीं लग रहा था. साथ ही उन्हें सम्मान और किसी का सपोर्ट भी नहीं मिल रहा था, जिसके कारण संन्यास का फैसना लेना पड़ा. 44 साल के युवराज ने सानिया मिर्जा के यूट्यूब चैनल पर बातचीत में कहा,

“मुझे अपना खेल पसंद नहीं आ रहा था. मुझे ऐसा लग रहा था कि मैं क्यों खेल रहा हूं, जब मुझे अच्छा ही नहीं लग रहा है. मुझे किसी का साथ नहीं मिल रहा था और न ही सम्मान मिल रहा था. मुझे लगा कि मैं यह क्यों कर रहा हूं. मैं किसी ऐसी चीज पर क्यों टिका रहूं जिसका मैं आनंद नहीं ले रहा हूं. मुझे खेलने की जरूरत क्यों है. क्या साबित करना है. मैं शारीरिक और मानसिक तौर पर इससे ज्यादा नहीं कर सकता हूं. मुझे इससे तकलीफ हो रही थी. और जिस दिन मैंने इसे छोड़ने का फैसला किया उसी दिन से मैं खुद को महसूस करने लगा.”

युवराज ने अपने शुरुआती करियर को लेकर भी किया खुलासा

युवराज ने आगे अपने करियर के शुरुआती सालों में उठाए गए सवालों पर भी खुलासा किया है. पूर्व भारतीय क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू ने उन्हें खारिज कर दिया था. इस पर युवी ने कहा,

“अब जब मैं पीछे मुड़कर देखता हूं तो मुझे लगता है कि नवजोत सिंह सिद्धू के पास मुझे ठीक से देखने का समय नहीं था. वह बस मेरे पिता से अच्छा व्यवहार कर रहे थे. उस समय वह भारत के लिए खेल रहे थे, इसलिए शायद उन्होंने ऐसा कहा होगा. मैं 13-14 साल का था और खेल को समझने की कोशिश कर रहा था. मेरे पिता ने इसे दिल पर ले लिया. उन्होंने कहा कि चल बेटा मैं तुझे बताता हूं कि क्रिकेट कैसे खेलते हैं.”

https://www.instagram.com/reels/DUCn7x-jYGp

युवराज सिंह का शानदार क्रिकेट करियर

युवराज ने साल 2000 में ICC नॉकआउट ट्रॉफी में इंटरनेशनल डेब्यू किया था. इसके बाद उन्होंने 2007 टी20 वर्ल्ड कप और 2011 वनडे वर्ल्ड कप में भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई. वह 2011 वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे थे. वह 2017 चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम का हिस्सा थे, लेकिन इसके बाद उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया. इसके बाद युवी ने 2019 में आईपीएल और इंटरनेशनल क्रिकेट दोनों से संन्यास ले लिया.

आंकड़ों की बात करें तो युवराज ने अपने करियर में भारत के लिए खेले 40 टेस्ट, 304 वनडे और 58 टी20I मैच खेले, जिसमें उन्होंने क्रमश: 1900, 8701 और 1177 रन बनाए. उनके नाम टेस्ट में 3 और वनडे में 14 शतक हैं. वहीं, गेंदबाजी में उन्होंने भारत के लिए टेस्ट में 9 विकेट, वनडे में 111 विकेट और टी20I में 28 विकेट हासिल किए.

ये भी पढ़ें- 7 छक्के-3 चौके, 15 गेंदों पर ठोका अर्धशतक… शिवम दुबे ने आतिशी पारी से लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी