Yuzvendra Chahal on Sanju Samson: लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे स्टार स्पिनर युजवेंद्र चहल ने राजस्थान रॉयल्स के कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को लेकर बड़ा बयान दिया है. IPL इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले चहल ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि सैमसन की कप्तानी में वह डेथ ओवरों के बेहतर गेंदबाज बने.
साथ ही उन्होंने कहा कि सैमसन डेथ ओवरों में स्पिनर का इस्तेमाल करने वाले पहले कप्तान थे और उनसे पहले कोई कप्तान ऐसा नहीं करता था. इससे उन्हें अपने करियर में नई दिशा मिली.
चहल ने संजू सैमसन को बताया अपना फेवरेट कप्तान
युजवेंद्र चहल 2022 से 2024 तक राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा रहे और इस दौरान उन्होंने टीम के लिए जबरदस्त प्रदर्शन किया. हालांकि, चहल अब पंजाब किंग्स के लिए खेलते हैं. हाल ही में मैशेबल इंडिया को दिए एक इंटरव्यू में चहल ने सैमसन को अपने करियर का सबसे पसंदीदा कप्तान बताया और कहा कि वह सैमसन की कप्तानी में ही बेहतर गेंदबाज बने. उन्होंने दावा किया कि सैमसन डेथ ओवरों में स्पिनर का इस्तेमाल करने वाले पहले कप्तान थे.
चहल ने कहा, “संजू सैमसन कमाल के कप्तान हैं. उनके मार्गदर्शन में मैं एक बेहतर गेंदबाज बना. तब तक कोई भी कप्तान डेथ ओवरों में स्पिनरों से गेंदबाजी इस्तेमाल नहीं करवाया था. संजू ने मुझे डेथ ओवरों का गेंदबाज बनाया और डेथ ओवरों में मेरे नाम सबसे ज्यादा विकेट हैं. वह आपको परेशान नहीं करते और आपको अपनी मर्जी से गेंदबाजी करने देते हैं.”
युजवेंद्र चहल का शानदार IPL करियर
आईपीएल 2022 से 2024 के बीच राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए चहल ने टीम के लिए तीन सीजन में कुल 66 विकेट (27, 21 और 18 विकेट) लेकर खुद को सबसे खतरनाक गेंदबाजों में शुमार किया. चहल 221 विकेटों के साथ आईपीएल इतिहास के सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं. हालांकि, आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी से पहले RR ने उन्हें रिलीज कर दिया.
इसके बाद पंजाब किंग्स ने 18 करोड़ रुपये की भारी कीमत में खरीद लिया. पंजाब फ्रेंचाइजी ने उन्हें आईपीएल 2026 के लिए रिटेन किया है. इस साल चहल पंजाब किंग्स के लिए खेलेंगे, वहीं संजू सैमसन CSK की ओर से खेलते हुए नजर आएंगे.

