WPL 2026 RCB vs UPW

WPL 2026: RCB ने दर्ज की लगातार दूसरी जीत, ग्रेस हैरिस के ‘तूफान’ में उड़ी UP वॉरियर्स की टीम

WPL 2026: विमेंस प्रीमियर लीग के नए सीजन में स्मृति मंधाना की कप्तानी वाली आरसीबी कमाल के रंग में नजर आ रही है. टीम ने इस सीजन के लगातार दूसरी जीत दर्ज कर ली है. यूपी वॉरियर्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में टीम ने 9 विकेट से आसान जीत दर्ज की. टीम के लिए ऑस्ट्रेलिया की स्टार खिलाड़ी ग्रेस हैरिस ने कमाल की पारी खेलते हुए टीम को जीत दिलाई. पहले बल्लेबाजी करते हुए यूपी की टीम 20 ओवरों में महज 5 विकेट खोकर 143 रनों का स्कोर ही बना पाई. इसके बाद आरसीबी को लक्ष्य हासिल करने में कोई दिक्कत नहीं हुई और टीम ने महज 12.1 ओवर में ही जीत हासिल कर ली.

ग्रेस हैरिस ने खेली 85 रनों की तूफानी पारी

आरसीबी के लिए सलामी बल्लेबाजी करने के लिए उतरी ग्रेस हैरिस और स्मृति मंधाना शुरुआत से ही अलग रंग में नजर आ रही थीं. ग्रेस हैरिस ने तो बल्ले से आग उगलते हुए एक ओवर में 32 रन ठोक डाले. उन्होंने इस मैच में 212 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 84 रनों की धमाकेदारी पारी खेली. इस पारी में उन्होंने 40 गेंदों का सामना किया. साथ ही उनकी इस पारी में 10 चौके और 5 गगनचुंबी छक्के नजर आए. टीम की कप्तान स्मृति मंधाना ने भी उनका बखूबी साथ दिया. मंधाना ने 32 गेंदों का सामना करते हुए 47 रनों की शानदार पारी खेली. 

यूपी को मिली सीजन की लगातार दूसरी हार

यूपी की टीम के लिए ये इस सीजन की लगातार दूसरी हार रही है. टीम इस बार टूर्नामेंट में नए कप्तान मेग लेनिंग के साथ उतरी है लेकिन अभी तक टीम को जीत का ट्रैक नहीं मिल पाया है. पहले मैच में टीम को गुजरात जायंट्स के हाथों 10 रनों से हार का सामना करना पड़ा था और अब आरसीबी को 9 विकेट से हार मिली है. टीम के लिए इस मैच में दीप्ति शर्मा ने सबसे ज्यादा 35 गेंदों में 45 रनों की पारी खेली. हालांकि, उनकी पारी टीम की जीत के लिए काम नहीं आई. पॉइंट्स टेबल में टीम आखिरी पायदान पर है. 

ये भी पढ़िए- IND U19 vs ENG U19: इंग्लैंड के खिलाफ खामोश रहा वैभव सूर्यवंशी का बल्ला, भारत को नसीब हुई करारी हार