Saina Nehwal Retirement

साइना नेहवाल ने किया रिटायरमेंट का ऐलान, बैडमिंटन में दिलाया था देश को पहला ओलंपिक मेडल

Saina Nehwal Retirement: भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल ने प्रोफेशनल बैडमिंटन से संन्यास का ऐलान कर दिया है. नेहवाल भारत की उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्होंने बैडमिंटन को देश में एक नई दिशा दी है. बीते काफी लंबे समय से वो इंजरी के चलते नहीं खेल रही थीं. साल 2023 में उन्होंने आखिरी बार सिंगापुर ओपन में खेला था और इसके बाद से ही उन्होंने खेल से दूरी बनाई हुई थी. साइना ने अपने रिटायरमेंट की पुष्टि एक एक पॉडकास्ट में की है और बताया है कि उनकी घुटने की चोट के चलते अब उनका खेलना संभव नहीं रह गया है. 

ओलंपिक मेडल जीतने वाली पहली बैडमिंटन खिलाड़ी

भारत के लिए महिला बैडमिंटन को अगर सबसे पहले किसी ने पहचान दिलाई तो वो नाम साइना नेहवाल का ही होगा. उन्होंने भारत का नाम रौशन करते हुए बैडमिंटन में पहला मेडल जीता था. साल 2012 लंदन ओलंपिक में उन्होंने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया था. वर्ल्ड चैंपियनशिप में भी वो 2 बार पदक जीत चुकी हैं. साल 2015 में सिल्वर तो वहीं साल 2017 में उन्होंने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया था. इसके अलावा कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने साल 2010 और 2018 में गोल्ड मेडल जीता तो वहीं 2006 में ब्रॉन्ज अपने नाम किया था.

घुटने की चोट ने खत्म कर दिया करियर

साइना नेहवाल एक समय में दुनिया की सर्वश्रेष्ठ बैडमिंटन खिलाड़ी थीं लेकिन साल 2016 में हुई घुटने की इंजरी ने उनका करियर लगभग खत्म कर दिया था. इसके बाद भी उन्होंने वापसी करते हुए विश्व स्तर पर कमाल का प्रदर्शन किया लेकिन ऐसा ज्यादा दिनों तक नहीं चल पाया. इसको लेकर उन्होंने खुद बताया कि उनके लिए आगे खेलते रहना काफी मुश्किल हो गया था. आमतौर पर पहले वो 8-9 घंटे की ट्रेनिंग करती थी लेकिन इंजरी के बाद केवल 1-2 घंटे ही कर पा रही थीं. ऐसे में प्रोफेशनल लेवल पर खेल पाना पॉसिबल नहीं था. 

ये भी पढ़िए- जियो हॉटस्टार पर मैच देखना हुआ महंगा, सब्सक्रिप्शन के लिए खर्च करने होंगे इतने रुपये, जानें डिटेल्स